अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के ओरमांझी से अचानक लापता हुए 12 साल के कन्हैया कुमार को पुलिस ने सही सलामत खोज निकाला है। कन्हैया को कोडरमा जिले की चंदवारा थाना क्षेत्र से बरादम किया गया। वह 22 नवंबर की शाम रांची के ओरमांझी से लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
एसआईटी का गठन और अंतरराज्यीय तलाश
कन्हैया की बरामदगी के लिए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया था। एसआईटी ने बच्चे की तस्वीर राज्य के सभी थानों में भेजी थी। इसके साथ ही देश के सात राज्यों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही थी, ताकि बच्चे का कोई सुराग मिल सके।
उरवां गांव से मिली अहम जानकारी
इसी बीच कोडरमा जिले के चंदवारा थाना पुलिस को थाना क्षेत्र के उरवां गांव में एक गुमशुदा बच्चे के होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
तस्वीर से हुई पहचान की पुष्टि
बरामद बच्चे की तस्वीर चंदवारा पुलिस ने कोडरमा के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को भेजी। इसके बाद एसपी अनुदीप सिंह ने यह तस्वीर रांची के एसएसपी राकेश रंजन को साझा की। जांच में यह पुष्टि हुई कि बरामद बच्चा ही रांची के ओरमांझी से लापता कन्हैया कुमार है।
रांची पुलिस को सौंपने की तैयारी
चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार ने बताया कि फिलहाल कन्हैया कुमार को चंदवारा थाना में सुरक्षित रखा गया है। रांची पुलिस के पदाधिकारियों के पहुंचने के बाद बच्चे को उनके सुपुर्द किया जाएगा। बच्चे की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
इसे भी पढ़ें : “55 रोज से लापता मासूम कन्हैया बस जिंदा मिल जाए, यही दुआ”



