अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi/Ranchi : झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। इस बैठक को झारखंड से जुड़े अहम मुद्दों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मनरेगा संग्राम पर चर्चा
बैठक में कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे मनरेगा संग्राम कार्यक्रम पर विस्तार से बात हुई। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि इस अभियान में झारखंड की भूमिका और ग्रामीण क्षेत्रों के असंगठित मजदूरों की भागीदारी पर खास जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत ग्रामीणों को पहले की तरह नियमित रोजगार मिलता रहे, इसके लिए कांग्रेस संगठन जमीनी स्तर पर आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार पर दबाव बनाएगा।
पेसा नियमावली को लेकर बनी कार्य योजना
अनुसूचित क्षेत्रों में लागू पेसा नियमावली के महत्व पर भी बैठक में चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि पेसा नियमावली से पारंपरिक ग्राम सभाओं को जो अधिकार मिले हैं, उनके सही उपयोग और जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए आगे की रणनीति तय की गई। कांग्रेस संगठन इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा और ग्राम सभा के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा।
कृषि और किसानों से जुड़े कार्यों की जानकारी
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को समृद्ध बनाने, खेती से जुड़े नए प्रयोगों को बढ़ावा देने और किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से भी संगठन महासचिव को अवगत कराया गया।
इसे भी पढ़ें : चान्हो में शिक्षा को नई रफ्तार, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दी बड़ी सौगात

