अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने होली पर्व के अवसर पर रांची और हटिया से विशेष ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। सांसद ने कहा है कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या अचानक बहुत बढ़ जाती है, जिससे मौजूदा ट्रेन सेवाएं कम पड़ जाती हैं।
रांची और हटिया का महत्व
अपने पत्र में डॉ. वर्मा ने बताया कि रांची झारखंड की राजधानी है और यह सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र भी है। शिक्षा, रोजगार, इलाज, व्यापार और पर्यटन के लिए बड़ी संख्या में लोग रांची से देश के अलग अलग हिस्सों में जाते हैं। ऐसे में रांची और हटिया रेलवे स्टेशन राज्य के लिए अहम यातायात केंद्र हैं।
यात्रियों को होती है परेशानी
डॉ. वर्मा ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार पर ट्रेनों में भारी भीड़ हो जाती है। लंबी प्रतीक्षा सूची, कन्फर्म टिकट न मिलना और सफर के दौरान असुविधा यात्रियों की आम समस्या बन जाती है। इससे खासकर छात्र, नौकरीपेशा लोग और परिवारों को परेशानी उठानी पड़ती है।
किन शहरों के लिए मांगी गई विशेष ट्रेनें
सांसद ने सुझाव दिया है कि होली के मौके पर रांची और हटिया से जम्मू, एर्नाकुलम, अहमदाबाद, इंदौर, प्रयागराज, सिकंदराबाद, नई दिल्ली, गोरखपुर, बीकानेर, लखनऊ और जयपुर जैसे शहरों के लिए विशेष ट्रेनें या अतिरिक्त फेरे चलाए जाएं।
यात्रियों के साथ क्षेत्रीय विकास को भी लाभ
डॉ. वर्मा का कहना है कि अगर विशेष ट्रेन सेवाएं शुरू होती हैं तो यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और त्योहार के दौरान यात्रा व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने रेल मंत्रालय से इस मांग पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।
इसे भी पढ़ें : कचरा चुनने वाले नशेड़ी ने फूंक डाली थी खादगढ़ा में बसें, SP कर गये खुलासा… देखें

