अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने इंटरमीडिएट परीक्षा की एक तिथि में बदलाव कर दिया है। 23 फरवरी 2026 को होने वाली हिंदी ‘बी’ और मातृभाषा की परीक्षा अब उस दिन नहीं होगी। इसे एक दिन आगे बढ़ाकर 24 फरवरी 2026 कर दिया गया है।
23 फरवरी को है मतदान, इसलिए लिया गया फैसला
23 फरवरी को नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 का मतदान होना है। ऐसे में प्रशासन नहीं चाहता था कि परीक्षा और चुनाव एक ही दिन होने से छात्रों को परेशानी हो। इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची से मिले निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया। पहले इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा 3 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक तय थी। लेकिन आखिरी दिन की दो परीक्षाएं अब आगे बढ़ा दी गई हैं।
अब 24 फरवरी को दूसरी पाली में होगी परीक्षा
संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक हिंदी ‘बी’ और मातृभाषा की परीक्षा अब 24 फरवरी 2026 को दूसरी पाली में होगी। परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक रहेगा। बाकी सभी विषयों की परीक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। उनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय की ओर से सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साफ कहा गया है कि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। साथ ही मतदान और परीक्षा दोनों को ध्यान में रखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को भी कहा गया है।
छात्रों और अभिभावकों से अपील
प्रशासन ने छात्रों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे नई तारीख नोट कर लें और उसी के मुताबिक अपनी तैयारी करें। फिलहाल छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। सिर्फ एक दिन की तारीख बदली गई है, बाकी पूरा शेड्यूल पहले जैसा ही रहेगा।
इसे भी पढ़ें : हाथी हमलों पर सख्त होगा कानून, मुआवजा बढ़ाने की भी तैयारी : सीएम हेमंत



