अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने 25 साल के पवन कुमार को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी जान चली गई। पवन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मिली जानकारी के अनुसार मृतक पवन कोकरसा गांव का रहने वाला था और मनोज राम का बेटा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि अगर समय पर पुलिस पहुंच जाती तो शायद पवन की जान बच सकती थी।
पूरा मामला क्या है
घटना देर रात की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पवन किसी घर में चोरी करने घुसा था। इसी शक में लोगों ने उसे पकड़ लिया और फिर भीड़ ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी Anchit Kumar पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पवन गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस की प्रतिक्रिया
पड़वा थानेदार अंचित कुमार ने कहा कि ग्रामीणों ने चोरी के शक में युवक के साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हुई। हालांकि असली तथ्य क्या हैं, यह जांच का विषय है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। बाकी आरोपियों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस ने साफ कहा कि दोषियों को किसी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
अस्पताल में कार्रवाई
घटना की खबर मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की एएसआई सुशीला टीयू और पुलिस जवान विकास कुमार व महेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूरी जानकारी ली और शव का इंक्वेस्ट कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
गांव में तनाव का माहौल
घटना के बाद तेलियाही गांव में तनाव का माहौल है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ इसे चोरी के खिलाफ गुस्सा बता रहे हैं, तो कई इसे कानून हाथ में लेने की खतरनाक मिसाल मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में लगी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
इसे भी पढ़ें : धनबाद में फिर गैंगवार का सायरन… जानें



