अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : झारखंड के धनबाद के वासेपुर इलाके में एक बार फिर गैंगवार की आहट सुनाई दे रही है। गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मामला तब और गर्म हो गया जब घटना के कुछ ही घंटों बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कुख्यात भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान ने खुद फायरिंग की जिम्मेदारी ली है।
देर रात अचानक चली गोलियां
मालूम हो कि शुक्रवार देर रात वासेपुर के नूरी मस्जिद की पुलिया के पास अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गोलियों की आवाज से पूरा इलाका सहम गया। इस हमले में डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल के ड्राइवर हैदर को गोली लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
वीडियो में प्रिंस खान की खुली धमकी
घटना के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें प्रिंस खान साफ-साफ कहते दिख रहा है कि वासेपुर में जो फायरिंग हुई, वह उसके इशारे पर हुई है। वीडियो में उसने गैंगस्टर फहीम खान, उसके बेटे इकबाल और यहां तक कि रिम्स ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टर अनिल प्रकाश या सुनील प्रकाश को भी खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। इस वीडियो के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने कसी कमर
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मामले को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से गैंगवार काफी हद तक काबू में था, लेकिन अगर कोई भगोड़ा अपराधी बाहर बैठकर वीडियो जारी कर धमकी दे रहा है, तो उसे ये गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए कि वह बच जाएगा। एसपी ने साफ कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल इलाके में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुरानी दुश्मनी, नया अंदाज
वासेपुर का नाम पहले भी गैंगवार को लेकर सुर्खियों में रहा है। यहां पहले भी आपसी रंजिश में कई बार गोलीबारी और हमले हो चुके हैं। लेकिन इस बार वीडियो जारी कर खुलेआम जिम्मेदारी लेना और धमकी देना पुलिस के लिए नई चुनौती बन गया है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग डरे-सहमे हैं और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चुनौती से कैसे निपटती है और वासेपुर में शांति कब तक कायम रह पाती है।
इसे भी पढ़ें : सरकारी अस्पताल से PAN इंडिया तक : डॉ जयंत घोष की मेहनत को मिली राष्ट्रीय पहचान



