अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले रामगढ़ में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में रामगढ़ महाविद्यालय परिसर में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
डिस्पैच सेंटर पर रहा प्रशासन का पूरा फोकस
डिस्पैच सेंटर पर जिले के उपायुक्त फेज अक अहमद मुमताज खुद मौजूद रहे। उन्होंने एक-एक व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसी भी मतदान केंद्र पर सामग्री की कमी नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने कहा, “स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट
मौके पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिलेभर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर खास नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही गश्ती दल और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
अधिकारियों ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश
डिस्पैच प्रक्रिया की निगरानी उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल और उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने भी की।
उन्होंने मतदान कर्मियों को साफ शब्दों में समझाया कि मतदान के दौरान सभी नियमों और प्रावधानों का सख्ती से पालन करना है, ताकि किसी तरह की शिकायत की गुंजाइश न रहे।

ईवीएम और चुनावी सामग्री के साथ रवाना हुए दल
डिस्पैच सेंटर पर मतदान दलों को ईवीएम, जरूरी प्रपत्र और अन्य चुनावी सामग्री उपलब्ध कराई गई। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में सभी दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
मतदाताओं से खास अपील
प्रशासन ने जिले के मतदाताओं से 23 फरवरी को बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा मतदान से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी।
इसे भी पढ़ें : दिग्गज उद्योगपति गौतम अदाणी पहुंचे बाबाधाम, भोलेनाथ का लिया आशीर्वाद



