अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में आज शहरी लोकतंत्र की असली परीक्षा है। सोमवार की सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्य के सभी 48 शहरी निकाय क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया है। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रशासन से लेकर सुरक्षा एजेंसियां तक पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं, ताकि कहीं भी कोई गड़बड़ी न हो और मतदाता बेखौफ होकर वोट डाल सकें।
4304 बूथ, 43 लाख से ज्यादा मतदाता
इस नगर निकाय चुनाव में राज्यभर में कुल 4304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन बूथों पर आज 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आंकड़ों पर नजर डालें तो—
- पुरुष मतदाता : 22,07,203
- महिला मतदाता : 21,26,227
- थर्ड जेंडर मतदाता : 144
सुबह-सुबह ही कई बूथों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और पहली बार वोट डालने वाले युवा काफी उत्साहित नजर आए।
मेयर और पार्षद चुनने के लिए वोट
इस बार का नगर निकाय चुनाव पूरी तरह गैर-दलीय आधार पर हो रहा है। मतदाता सीधे तौर पर मेयर/अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के लिए वोट डाल रहे हैं। हालांकि कागजों पर यह चुनाव गैर-दलीय है, लेकिन हकीकत में लगभग सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों के साथ मैदान में हैं। कहीं खुलकर तो कहीं परोक्ष रूप से पार्टियों का समर्थन दिखाई दे रहा है।
6124 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
इस चुनाव में कुल 6124 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
- मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 562 प्रत्याशी
- वार्ड पार्षद पद के लिए 5562 प्रत्याशी
शाम 5 बजे जैसे ही मतदान खत्म होगा, इन सभी प्रत्याशियों का भविष्य 8678 मत पेटियों में बंद हो जाएगा। इसके बाद मतगणना के दिन साफ हो जाएगा कि शहर की सरकार की कुर्सी किसे मिलेगी।
9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत
झारखंड में इस बार शहरी निकाय चुनाव का दायरा काफी बड़ा है।
- 9 नगर निगम
- 20 नगर परिषद
- 19 नगर पंचायत
में एक साथ मतदान कराया जा रहा है। कुल मिलाकर…
- मेयर/अध्यक्ष के 48 पद
- वार्ड पार्षद के 1042 पद
के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
41 वार्डों में निर्विरोध जीत, 3 वार्ड खाली
इस चुनाव की एक खास और चौंकाने वाली बात यह भी है कि
- 41 वार्ड पार्षद पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं,
- वहीं 3 वार्ड ऐसे भी हैं, जहां किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
इन वार्डों में आगे की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग अलग से फैसला लेगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और फ्लैग मार्च की व्यवस्था की गई है। कई जगहों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
गड़बड़ी दिखे तो तुरंत करें शिकायत
अगर मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी नजर आए या मतदान में परेशानी हो, तो आम नागरिक सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं…
- राज्य निर्वाचन आयोग हेल्पलाइन: 8987791131
- रांची कंट्रोल रूम नंबर: 1950
इन नंबरों पर कॉल कर मतदान से जुड़ी शिकायत, सूचना या मदद मांगी जा सकती है।
शहर की सरकार, शहर का फैसला
नगर निकाय चुनाव सिर्फ जनप्रतिनिधि चुनने का जरिया नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की दिशा तय करने का मौका है। सड़क, नाली, पानी, सफाई और विकास जैसे मुद्दों पर आज जनता का फैसला तय करेगा कि आने वाले वर्षों में शहरी सरकार कैसी होगी।
इसे भी पढ़ें : लोकतंत्र की हिफाजत में वर्दी का भरोसा : वोटिंग से पहले की रात डीएसपी का फ्लैग मार्च

