अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : बिहार में तेजी से बदल रहे राजनीतिक हालात को लेकर झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक हत्या कर दी है और जनता के जनादेश का भी अपमान किया है।
भाजपा के चाल-चरित्र पर उठाए सवाल
विनोद पांडेय ने बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश की जनता के सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जिस चेहरे पर भरोसा जताकर जनादेश दिया था, उसी चेहरे को अब राजनीति की मुख्यधारा से अलग करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि यह सिर्फ किसी एक नेता का मामला नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के फैसले का भी सवाल है।
पहले से चल रही थी साजिश
झामुमो नेता ने दावा किया कि बिहार में जो कुछ हो रहा है, वह अचानक नहीं हुआ है। इसके पीछे काफी समय से राजनीतिक साजिश चल रही थी। पांडेय ने आशंका जताई कि आने वाले समय में जनता दल (यूनाइटेड) का विलय भारतीय जनता पार्टी में भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राजनीतिक घटनाक्रम आगे बढ़ रहे हैं, उससे ऐसे संकेत मिल रहे हैं।
झारखंड में नहीं चलने देंगे ऐसी राजनीति
पांडेय ने साफ कहा कि झारखंड में ऐसी किसी भी राजनीतिक साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ उनकी पार्टी की लड़ाई पहले भी थी और आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।
जनता सब देख रही है
झामुमो नेता ने कहा कि आज देश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। जनता को यह भी समझ में आ रहा है कि किस तरह से राजनीतिक समीकरण बदले जा रहे हैं और किस तरह जनादेश को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत होती है और आखिरकार फैसला भी वही करती है।
इसे भी पढ़ें : सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा पर्चा, अमित शाह भी रहे मौजूद



