अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : बरकाकाना-रांची रेलखंड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बरकाकाना ओपी क्षेत्र के पोचरा ब्रिज के पास हुई। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में कुछ समय के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
ट्रेन गुजरने के कुछ ही देर बाद हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 13513 आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस सोमवार दोपहर करीब 12 बजकर 03 मिनट पर बरकाकाना जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंची थी। यहां निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन 12 बजकर 12 मिनट पर रांची के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि स्टेशन से निकलने के कुछ ही देर बाद जब ट्रेन पोचरा ब्रिज के पास पहुंची, उसी दौरान एक व्यक्ति अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही जुटे ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बरकाकाना ओपी पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतक की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पहचान कराने की कोशिश जारी
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में भी सूचना भेजी जा रही है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।
हादसा या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि व्यक्ति अनजाने में रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हुआ या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
इसे भी पढ़ें : सीओ का ‘लाठी कांड’, बाबूलाल ने वायरल वीडियो पर उठाए सवाल



