अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के धुर्वा गोल चक्कर के पास स्मार्ट सिटी इलाके में सोमवार को एक फौजी यानी आर्मी जवान का शव फंदे पर लटकती हलात मिला। शव मिलने की फैली खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। फौजी का शव हरे रंग की प्लास्टिक की रस्सी के फंदे से लटकता मिला। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में वहां भीड़ लग गई।
मौके पर मिली बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव के ठीक बगल में एक बाइक भी जमीन पर गिरी हुई मिली। बाइक का नंबर JH01BD-1039 बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि मृतक इसी बाइक से वहां पहुंचा था। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर भी जानकारी जुटा रही है।
हाल ही में हुई थी शादी
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक आर्मी में तैनात जवान था और उसकी शादी हाल ही में हुई थी। जवान की पहचान होने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर जवान के साथ ऐसा क्या हुआ कि उसकी मौत इस तरह हो गई।
हत्या या आत्महत्या, दोनों एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि जवान की मौत आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल इस घटना से पूरे इलाके में माहौल गमगीन और लोगों में बेचैनी बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : सीओ का ‘लाठी कांड’, बाबूलाल ने वायरल वीडियो पर उठाए सवाल



