अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार जीत के बाद जहां पूरे देश में जश्न का माहौल है, वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए विवाद में घिर गए हैं। उनके खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगे के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि जीत के जश्न के दौरान पांड्या ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का उल्लंघन किया। इस मामले को लेकर पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
सोशल मीडिया वीडियो से शुरू हुआ विवाद
शिकायत में कहा गया है कि टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने के बाद भारतीय टीम जश्न मना रही थी। उसी दौरान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
इन वीडियो में Hardik Pandya को कंधे पर तिरंगा लपेटे हुए मैदान पर दौड़ते, नाचते और जश्न मनाते देखा जा सकता है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि एक वीडियो में वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए दिखाई देते हैं और उस समय भी उनके शरीर पर तिरंगा लिपटा हुआ था। उनका कहना है कि इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है और इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
हाथरस के वकील ने भेजा शिकायत पत्र
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के हाथरस गेट थाना क्षेत्र के गांव नगला नंदू निवासी अधिवक्ता विश्वप्रताप सिंह राणा ने इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक और केंद्रीय गृह मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजा है।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के खिलाफ है और इसके लिए कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस ने कहा — मामले की होगी जांच
इस पूरे मामले पर हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी।
उनके मुताबिक, अगर जांच में किसी तरह का नियम उल्लंघन सामने आता है तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
पुणे में भी दर्ज कराई गई शिकायत
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने भी Hardik Pandya के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर क्रिकेटर के खिलाफ जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार शिकायत बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है, जबकि Press Trust of India की रिपोर्ट में इसे पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज बताया गया है।
राष्ट्रीय ध्वज कानून का दिया हवाला
वकील वाजिद खान बिडकर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना हर भारतीय नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने शिकायत में राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े कानून का हवाला दिया है। उनके अनुसार, 1971 के राष्ट्रीय ध्वज कानून के तहत तिरंगे का सम्मान बनाए रखना अनिवार्य है और किसी भी तरह की अपमानजनक स्थिति कानून का उल्लंघन मानी जा सकती है।
अब सबकी नजर जांच पर
फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच का इंतजार किया जा रहा है। अगर शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
हालांकि अभी तक इस पूरे विवाद पर Hardik Pandya की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने झारखंड पुलिस को दी नयी ताकत और रफ्तार



