अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर अब पढ़ाई और परीक्षाओं पर भी साफ दिखने लगा है। लगातार बिगड़ते हालात के बीच CBSE यानी सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने बड़ा फैसला लेते हुए कई देशों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। बोर्ड का कहना है कि सुरक्षा और मौजूदा हालात को देखते हुए इन जगहों पर परीक्षा कराना फिलहाल संभव नहीं है।
किन देशों में रद्द हुई परीक्षाएं
CBSE की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर और सऊदी अरब में 16 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच होने वाली कक्षा 12वीं की सभी बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इन देशों में बड़ी संख्या में भारतीय स्कूल CBSE से जुड़े हुए हैं और हजारों छात्र यहां पढ़ाई करते हैं। बोर्ड ने साफ कहा है कि मिडिल ईस्ट में तेजी से बदलते हालात और सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। जंग की वजह से कई शहरों में सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है, ऐसे में परीक्षा आयोजित करना छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
Important Update on CBSE Class XII Exams in Middle East Countries
CBSE has issued Circular -6 regarding cancellation of Board Exams of Class XII in Middle East countries
See attachment for further details pic.twitter.com/FfZc5vKMHT
— CBSE HQ (@cbseindia29) March 15, 2026
पहले 10वीं की परीक्षाएं भी हो चुकी हैं रद्द
इससे पहले CBSE ने इन्हीं देशों में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं भी रद्द कर दी थीं। शुरुआत में 12वीं की कुछ परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव किया गया था और उम्मीद थी कि हालात सामान्य होने पर परीक्षा हो सकेगी। लेकिन पिछले कुछ दिनों में तनाव और बढ़ गया है। लगातार हमलों और सुरक्षा खतरे को देखते हुए आखिरकार बोर्ड को 12वीं की परीक्षाएं भी रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।
15 दिनों से जारी है जंग
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच पिछले करीब 15 दिनों से लगातार हमले हो रहे हैं। कई शहरों में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं और हजारों लोगों की मौत की खबरें सामने आ चुकी हैं। इस युद्ध का असर सिर्फ मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं है। दुनिया भर में इसका असर देखने को मिल रहा है।
टूर एंड ट्रैवल सेक्टर भी प्रभावित
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर भी पड़ा है। कई एयरलाइंस ने उड़ानों में बदलाव किया है और कुछ जगहों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की गई है। टूर एंड ट्रैवल सेक्टर से जुड़े लोगों का कहना है कि इस तनाव की वजह से यात्रियों की संख्या कम हुई है और कई टूर पैकेज भी कैंसिल हो रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : अब इन लोगों को नहीं मिलेगा LPG, सरेंडर करना होगा कनेक्शन



