अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर सरकार ने साफ कर दिया है कि चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे और इसमें किसी तरह की देरी नहीं होगी। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विभाग पूरी तैयारी के साथ काम कर रहा है ताकि चुनाव प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के पूरी हो सके।
समय पर चुनाव कराना सरकार की प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। गांव स्तर पर मजबूत व्यवस्था के लिए जरूरी है कि चुनाव समय पर हों। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी करें।
27% ओबीसी आरक्षण के साथ होंगे चुनाव
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है। 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है और इस पर सकारात्मक संकेत मिले हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण लागू करते हुए ही कराए जाएंगे।
आयोगों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
मंत्री ने बताया कि ओबीसी आयोग और राज्य चुनाव आयोग से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार चाहती है कि किसी भी स्तर पर देरी न हो और चुनाव तय कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हों।
सामाजिक न्याय और पारदर्शिता पर जोर
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार सामाजिक न्याय और पारदर्शिता के सिद्धांत पर काम कर रही है। पंचायत चुनाव में भी इन मूल्यों का पूरा ध्यान रखा जाएगा ताकि हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी और चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : पानी की किल्लत पर एक्शन, मंत्री दीपिका ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर



