अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Firozabad : फिरोजाबाद में थाना उत्तर पुलिस की टीम ने बीती देर रात एक टप्पेबाज को एनकाउंटर में पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी सूचना मिली कि टप्पेबाजी के मामले में शामिल एक आरोपी बैंदी की पुलिया के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही की फायरिंग
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में ले लिया।
सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य से मिला सुराग
सिटी एएसपी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 3 अप्रैल को थाना उत्तर क्षेत्र में टप्पेबाजी की घटना हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया और खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपी चिन्हित किए गए थे।
आगरा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव पुत्र राकेश के रूप में हुई है, जो आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था।
तमंचा, गोलियां और कैश बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा गोली, एक खोखा, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और 16500 रुपये कैश बरामद किए हैं। इससे साफ है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। घायल आरोपी को पुलिस की निगरानी में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस अब बाकी दो आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
इसे भी पढ़ें : सीएम योगी की बड़ी पहल : बुनकरों को जोड़ेंगे क्लस्टर से, बढ़ेगी कमाई



