अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने शपथ लेने के अगले ही दिन गुरुवार को आस्था और परंपरा से जुड़ा एक खास कदम उठाया। वे पटना साहिब स्थित ऐतिहासिक तख्त श्री हरमंदिर गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु दरबार में मत्था टेककर राज्य की खुशहाली और शांति के लिए अरदास की। उनके इस दौरे को लोग सिर्फ धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द का संदेश भी मान रहे हैं।
पारंपरिक तरीके से हुआ स्वागत
गुरुद्वारा पहुंचते ही प्रबंधन कमेटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें ‘सिरोपा’ भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने पूरे श्रद्धा भाव से गुरु घर में मत्था टेका और शांति व भाईचारे की कामना की। इस दौरान उन्हें गुरु साहिब से जुड़े पवित्र शस्त्रों और खड़ाऊं के भी दर्शन कराए गए, जिनका सिख धर्म में खास महत्व माना जाता है।
सिख समुदाय ने रखीं अपनी बातें
मौके का फायदा उठाते हुए गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने मुख्यमंत्री के सामने सिख समुदाय से जुड़े कई मुद्दे रखे। उन्होंने शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने, धार्मिक स्थलों के विकास और सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए। कमेटी के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि नई सरकार इन बातों पर गंभीरता से काम करेगी।
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।
पटना के पावन धाम तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेककर अरदास किया।
इस दिव्य स्थल की पवित्रता और गुरुकृपा से मन को असीम शांति, ऊर्जा और जनसेवा के लिए नई प्रेरणा मिली।
वाहेगुरु से समस्त बिहारवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम… pic.twitter.com/rApnKe1DFt
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) April 16, 2026
सीएम ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी बातों को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार हर समुदाय के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान उसकी विविधता और आपसी भाईचारे से है, और इसे मजबूत करना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
शांति और एकता पर जोर
सीएम ने साफ कहा कि राज्य में शांति, भाईचारा और सामाजिक एकता बनाए रखना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने सिख समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के विकास में हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। इस दौरे को लेकर गुरुद्वारा परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनसे बातचीत भी की।
इसे भी पढ़ें : पहले ही दिन एक्शन में सीएम सम्राट चौधरी, सचिवालय में अफसरों संग की बड़ी बैठक



