अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी ने शपथ लेने के दूसरे ही दिन कामकाज की रफ्तार तेज कर दी है। गुरुवार सुबह वे सीधे सचिवालय पहुंचे और सभी विभागों के प्रधान सचिवों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में प्रशासनिक कामकाज को लेकर कई बड़े निर्देश दिए जाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि सरकार शुरुआती दिनों में ही व्यवस्था को पटरी पर लाने की कोशिश में जुट गई है।
अफसरों के साथ पहली बड़ी बैठक
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सम्राट चौधरी की पहली अहम बैठक मानी जा रही है। इसमें अलग-अलग विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई और अधिकारियों को साफ संकेत दिया गया कि काम में तेजी और जवाबदेही दोनों जरूरी हैं। सरकार चाहती है कि फैसलों का असर सीधे जमीन पर दिखे।

डिप्टी सीएम ने संभाला विभाग
इधर, जनता दल यूनाइटेड कोटे से बने उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। उन्होंने सिंचाई भवन पहुंचकर जल संसाधन विभाग का पदभार ग्रहण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
तीन नेताओं के पास फिलहाल पूरा जिम्मा
बुधवार को सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी मंत्री पद की शपथ ली। अभी कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ है, इसलिए फिलहाल तीनों नेताओं के पास ही पूरे विभागों की जिम्मेदारी है। मौजूदा स्थिति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह समेत 29 विभाग हैं, जबकि विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव को 8 विभाग दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि कैबिनेट विस्तार के बाद विभागों का बंटवारा फिर से किया जाएगा।

जल्द हो सकता है कैबिनेट विस्तार
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। इसके बाद विभागों का पुनर्वितरण होगा और सरकार पूरी तरह से अपने नियमित ढांचे में आ जाएगी। फिलहाल नई सरकार शुरुआती फैसलों और प्रशासनिक कसावट पर फोकस कर रही है।
इसे भी पढ़ें : CM बनते ही सम्राट का बड़ा फैसला, 29 अहम विभाग रखे अपने पास



