अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा बदलाव हुआ है। कोतवाली के नए ASP के रूप में निखिल राय ने पदभार संभाल लिया है। उन्होंने डीएसपी प्रकाश सोय से औपचारिक तौर पर चार्ज लिया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उनका स्वागत किया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद एएसपी ने साफ कर दिया कि शहर में कानून व्यवस्था को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
ड्रग्स के खिलाफ चलेगा खास अभियान
पदभार संभालते ही ASP निखिल राय ने ड्रग्स तस्करी को बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि शहर में नशे का कारोबार करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस अलग से अभियान चलाएगी। खासकर युवाओं को नशे से बचाने के लिए स्कूल और कॉलेज स्तर पर भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी। ड्रग्स सप्लाई करने वाले नेटवर्क को तोड़ना पुलिस की प्राथमिकता होगी।
महिला सुरक्षा पर रहेगा खास ध्यान
ASP ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में पुलिस कोई समझौता नहीं करेगी। छेड़खानी, घरेलू हिंसा और अन्य अपराधों की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर विशेष टीम भी तैनात की जाएगी, ताकि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करें।
अपराध पर लगाम लगाने की तैयारी
शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर ASP ने कहा कि पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। रात के समय विशेष नजर रखी जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहर में शांति बनी रहे।
जनता से सहयोग की अपील
एएसपी निखिल राय ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता मिलकर ही शहर को सुरक्षित बना सकते हैं। उनका जोर साफ रहा कि पारदर्शिता और भरोसे के साथ पुलिस काम करेगी, ताकि आम लोगों का विश्वास बना रहे।
इसे भी पढ़ें : अब रांची ग्रामीण में दिखेगा गौरव गोस्वामी का दम, रुरल एसपी ने संभाली कमान



