अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : भुरकुंडा थाना पुलिस ने अहले सुबह गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रीवर साइड सौंदा-दुंदुआ इलाके से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया और आगे की कार्रवाई के लिए जिला खनन विभाग को सौंप दिया। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था और इसमें पुलिस विभाग से जुड़े एक व्यक्ति की भूमिका भी बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर सुबह-सुबह पुलिस ने की घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि दत्तो बालू घाट से एक ट्रैक्टर अवैध बालू लेकर निकल रहा है। इसके बाद भुरकुंडा पुलिस ने सौंदा रीवर साइड भुरकुंडा मार्ग पर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान दुंदुआ इलाके में जब ट्रैक्टर पहुंचा तो पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी वहीं छोड़ दी और भाग निकला। पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।
ट्रैक्टर में नहीं मिले कोई कागजात
पुलिस के मुताबिक जब ट्रैक्टर की जांच की गई तो उसके पास बालू से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। न चालान था और न ही किसी प्रकार की अनुमति। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मामले की सूचना जिला खनन विभाग को दी।
खनन विभाग ने मालिक और अज्ञात चालक पर दर्ज किया केस
सूचना मिलने के बाद खनन विभाग ने जब्त ट्रैक्टर की पहचान एचर 380 यूएसजे मॉडल के रूप में की। चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाया गया। खनन विभाग की ओर से वाहन मालिक और अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में सरकारी संपत्ति की चोरी, खनन राजस्व की क्षति, खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 4 और 21, झारखंड खनिज लघु समनुदान नियमावली 2004 के नियम 54, झारखंड मिनरल नियम 2026 के नियम 9 व 13 और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ट्रैक्टर में लदा था 100 घन फीट अवैध बालू
बताया जा रहा है कि जब्त ट्रैक्टर में करीब 100 घन फीट अवैध बालू लदा हुआ था। केस दर्ज होने के बाद विभाग ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बालू कहां से निकाला गया और कहां ले जाया जा रहा था।
पुलिस विभाग से जुड़े व्यक्ति पर भी आरोप
इधर इलाके के लोगों का कहना है कि अवैध बालू का यह खेल किसी छोटे स्तर पर नहीं चल रहा था, बल्कि इसे चलाने में पुलिस विभाग से जुड़े एक व्यक्ति की मदद की बात सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते जांच नहीं हुई तो ऐसे धंधे फिर से शुरू हो जाएंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि जांच में किस-किस का नाम सामने आता है और प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है।
विभाग कर रहा जांच, आगे और खुलासे की संभावना
खनन विभाग ने साफ किया है कि मामले की जांच जारी है। ट्रैक्टर मालिक के साथ-साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि चालक कौन था और बालू किस नेटवर्क के जरिए सप्लाई की जा रही थी। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस में और भी लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।
इसे भी पढ़ें : बीवी के नाजायज संबंध का खौफनाक अंत, राज खोल गये SP… देखें वीडियो

