अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bokaro : बोकारो में गुरुवार को एक बड़ी अनहोनी टल गयी। पिंडराजोरा थाना क्षेत्र स्थित चास-पुरुलिया राष्ट्रीय NH-32 पर इथेनॉल गैस लोडेड 16 चक्का टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटने के कुछ ही मिनट बाद उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया। घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
सड़क पर फैल गया इथेनॉल, फिर अचानक धधकी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंकर में भारी मात्रा में इथेनॉल भरा हुआ था। हादसे के बाद टैंकर से इथेनॉल सड़क पर बहने लगा। लोगों को पहले समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है, लेकिन करीब दो मिनट बाद अचानक जोरदार तरीके से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। इथेनॉल ज्वलनशील पदार्थ होने की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ देर के लिए पूरा इलाका धुएं और तेज गंध से भर गया।
चालक और खलासी ने कूदकर बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद चालक और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि चालक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि खलासी पूरी तरह सुरक्षित है। लोगों का कहना है कि अगर दोनों समय रहते बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
घटना के बाद एनएच-32 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा घेरा बनाया और हाईवे पर आवाजाही रोक दी। स्थिति को देखते हुए छोटे और बड़े वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया। पुलिस लगातार लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील करती रही।
दमकल की तीन गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने में काफी समय लग गया। काफी देर की कोशिश के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक टैंकर पर लदा पूरा इथेनॉल जलकर नष्ट हो चुका था।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती आशंका है कि टैंकर तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने की वजह से पलटा होगा। हालांकि हादसे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। घटना के बाद इलाके में देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
इसे भी पढ़ें : गैंगरे’प का इनामी आरोपी एनका’उंटर में जख्मी, दोनों पैरों में लगी गोली

