अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर में भीषण गर्मी, लगातार हो रही बिजली कटौती और गहराते जल संकट को लेकर गुरुवार को भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर की सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा खुलकर देखने को मिला। सिर पर पानी से भरे मटके और उस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पोस्टर लगाए कार्यकर्ता जब नारेबाजी करते हुए निकले, तो पूरे इलाके का माहौल गरमा गया।
साकची से डीसी ऑफिस तक निकाला मार्च
साकची स्थित भाजपा कार्यालय से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां, बैनर और मटके थे। “बिजली दो, पानी दो”, “जनता त्रस्त, सरकार मस्त” और “हेमंत सरकार जवाब दो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

बिजली कटौती और पानी संकट को लेकर सरकार पर हमला
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत देने के बजाय सरकार सिर्फ घोषणाओं और विज्ञापनों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे आम लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। रघुवर दास ने कहा कि अगर जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में लोगों को पीने का पानी और नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है, तो यह सरकार की सबसे बड़ी विफलता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द हालात नहीं सुधरे तो भाजपा राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

“जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी भाजपा”
विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है। उन्होंने कहा कि शहर के कई मोहल्लों में लोग रातभर बिजली कटौती से परेशान हैं। वहीं पानी के लिए लोगों को सुबह से लाइन लगानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन दोनों ही जनता की समस्याओं के समाधान में विफल साबित हुए हैं। पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और लोगों की आवाज को दबने नहीं देगी।
डीसी ऑफिस के बाहर गहमागहमी
भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। उपायुक्त कार्यालय परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैले।

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसमें शहर और ग्रामीण इलाकों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, पेयजल संकट दूर करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने और खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने की मांग की गई। इस प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा, सुबोध झा, प्रेम झा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में 39 टीमों ने 119 ठिकानों पर मा’रा छापा, फिर…

