अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा में खासा उत्साह है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत की व्यापक तैयारियां की हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा केवल औपचारिक नहीं होगा, बल्कि इसके जरिए राष्ट्रीय अध्यक्ष झारखंड भाजपा की मौजूदा स्थिति, संगठन की मजबूती और चुनावी चुनौतियों की गहराई से समीक्षा करेंगे।
एयरपोर्ट से शुरू होगा कार्यक्रम
रांची पहुंचने के बाद नितिन नबीन सबसे पहले धरती आबा बिरसा मुंडा, भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर और भाजपा के वरिष्ठ विचारक कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। प्रदेश भाजपा ने उनके स्वागत को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारी की है। शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में सभी मोर्चों और विभागों की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन की ताकत और कमजोरियों पर होगी चर्चा
राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब झारखंड भाजपा लगातार दो विधानसभा चुनावों में हार का सामना कर चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि नितिन नबीन प्रदेश संगठन के नेताओं से सीधे संवाद करेंगे और जानने की कोशिश करेंगे कि आखिर किन कारणों से पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। सूत्रों के अनुसार वे संगठन की कार्यशैली, बूथ स्तर की सक्रियता, जनसंपर्क अभियान और भविष्य की रणनीति को लेकर भी नेताओं से फीडबैक लेंगे। प्रदेश इकाई की खूबियों और कमियों दोनों का आकलन इस दौरे का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
झारखंड से पुराना नाता, इसलिए समझते हैं प्रदेश की राजनीति
नितिन नबीन का झारखंड से पुराना जुड़ाव रहा है। उनकी पढ़ाई-लिखाई का एक हिस्सा रांची में हुआ है। यही वजह है कि उन्हें झारखंड की सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक परिस्थितियों की अच्छी समझ मानी जाती है। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलेगी।
रजरप्पा दौरा फिलहाल टला
राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में 7 जून को रजरप्पा मंदिर जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अब उनका पूरा फोकस संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं से संवाद पर रहेगा।
तैयारियों की समीक्षा में जुटे प्रदेश पदाधिकारी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा की। प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने एयरपोर्ट स्वागत से लेकर विभिन्न कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं प्रदेश महामंत्री अमर बावरी ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन का इंतजार कर रहे हैं। उनका यह दौरा संगठन के लिए नई ऊर्जा लेकर आएगा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करेगा।
कार्यकर्ताओं की नजर राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदेश पर
भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच इस बात को लेकर उत्सुकता है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन को लेकर क्या दिशा-निर्देश देते हैं। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों की तैयारी, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को लेकर कुछ महत्वपूर्ण संदेश भी इस दौरे के दौरान सामने आ सकते हैं। ऐसे में नितिन नबीन का यह दो दिवसीय प्रवास झारखंड भाजपा के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

