अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सवा सौ साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बिरसा मुंडा आज पूरे देश के लोगों के दिलों में जिंदा हैं। आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि हर वर्ग के लोग उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ याद कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि यह अपने आप में बड़ी बात है कि इतने लंबे समय बाद भी किसी महापुरुष के विचार और संघर्ष लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। मंगलवार को रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज धरती आबा की पुण्यतिथि है और इस मौके पर उन्हें याद करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जिस तरह समाज, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया, वह इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
हर वर्ग के लोग कर रहे हैं याद
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन सिर्फ आदिवासी समाज तक सीमित नहीं है। उनके संघर्ष, साहस और नेतृत्व की चर्चा आज पूरे देश में होती है। उन्होंने कहा कि करीब सवा सौ साल के लंबे अंतराल के बाद भी लोग उन्हें उसी सम्मान के साथ याद कर रहे हैं, जैसा उनके समय में किया जाता था। सीएम ने कहा कि किसी प्रेरणादायक व्यक्तित्व को सम्मानपूर्वक याद करना समाज को नई दिशा देता है। बिरसा मुंडा ने अपने छोटे से जीवनकाल में जो काम किया, उसका प्रभाव आज भी देखने को मिलता है।
सदियों तक याद रखा जाएगा उनका इतिहास
सीएम ने कहा कि धरती आबा ने जो इतिहास रचा, उसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष, आदर्श और समाज के लिए किए गए कार्य हमेशा लोगों को प्रेरणा देते रहेंगे। बिरसा मुंडा ने जिस रास्ते पर चलने का संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित लोगों के अधिकारों के लिए जिस तरह उन्होंने आवाज उठाई, वह सभी के लिए सीख है। यही कारण है कि आज भी लोग उन्हें श्रद्धा और गर्व के साथ याद करते हैं।
हर साल श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं लोग
हेमंत सोरेन ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वे और बड़ी संख्या में लोग भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने उनके समाधि स्थल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम ने रांची के बिरसा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए। इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने धरती आबा को नमन करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत का अल्टीमेटम- बंद खदानें चालू करो या लीज छोड़ो

