अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के गंदे धंधे पर तीखी चोट दी है। इस गोरख धंधे में शामिल दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के नाम कृष्णा कुमार साहा और सुरज कुमार दुबे बताये गये। करीब 33 साल का कृष्णा कुमार साहा तारापुर का रहने वाला है। वहीं 20 साल का सुरज कुमार दुबे का घर हाथकाठी में है। पुलिस ने इनके पास से 25 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.6 किलो गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पैकिंग सामग्री और एक बाइक बरामद की है। यह कार्रवाई घाघरजानी गांव में की गई। पुलिस के अनुसार बीते 16 जून की शाम एसपी अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि घाघरजानी गांव में कृष्णा साहा के बंद पड़े घर में चोरी-छिपे ब्राउन शुगर और गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व एसडीपीओ कुमार गौरव कर रहे थे।
घर के बाहर नशा कर रहे थे कई लोग
पुलिस टीम जब दंडाधिकारी के साथ घाघरजानी गांव पहुंची तो देखा कि बंद घर के पास कुछ लोग बैठे हुए थे और सिगरेट, बीड़ी तथा गांजा पी रहे थे। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बंद पड़े घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और उससे जुड़े सामान मिले। पुलिस ने 25 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.6 किलो गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, एक चिलम और करीब एक हजार प्लास्टिक की छोटी-बड़ी पन्नियां बरामद कीं। पुलिस का मानना है कि इन पन्नियों का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की पुड़िया बनाकर बेचने के लिए किया जाता था। मौके से एक काले रंग की बाइक भी जब्त की गई है, जिसका नंबर WB24AH3880 है।
लंबे समय से चल रहा था नशे का गंदा धंधा
पुलिस का कहना है कि जिस तरह से पैकिंग सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुए हैं, उससे लगता है कि यहां से नियमित रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। बंद पड़े घर का इस्तेमाल कथित तौर पर नशे के कारोबार के लिए किया जा रहा था। इस मामले में हिरणपुर थाना में कांड दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नशीले पदार्थ कहां से लाए जाते थे।
एक आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुरज कुमार दुबे का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ हिरणपुर और पाकुड़िया थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें आपराधिक घटनाओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
कई पुलिस अधिकारियों ने मिलकर की कार्रवाई
इस छापेमारी अभियान में हिरणपुर थानेदार विनय कुमार, एसआई गौतम कुमार दास, जैना बालमुचू, एएसआई सुरजमल पासवान, हरिवंश साव, रामरतन साहा, सिपाही अनिल कुमार साह, लक्ष्मी प्रसाद पासवान ओर अभिनय कुमार रजक की भूमिका सराहनीय रही। एसपी अनुदीप सिंह ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : “इंतजार करो, मुलाकात भयानक होगी”… पुर्तगाल में फा’यरिंग, राहुल आरके मीना का धमकी भरा पोस्ट वायरल

