अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह का मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। रेलवे ट्रैक के किनारे एक RPF जवान का शव पड़ा था। जवान ड्यूटी की वर्दी में था, लेकिन उसका सिर धड़ से अलग मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जवान की पोस्टिंग नामकुम स्टेशन पर महज तीन दिन पहले ही हुई थी। परिवार की खुशियां भी अभी नई थीं, क्योंकि हाल ही में उसकी शादी हुई थी। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि नई जिंदगी की शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद ऐसा दर्दनाक अंत सामने आएगा।
सुबह ट्रैक किनारे पड़ा मिला शव
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। रेलवे ट्रैक के पास शव देखे जाने की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से जवान का बैग भी बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया है।
नाइट ड्यूटी पर था जवान
जानकारी के अनुसार जवान नाइट ड्यूटी पर तैनात था। ड्यूटी के दौरान या उसके बाद उसके साथ क्या हुआ, फिलहाल यही सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि जवान ट्रैक तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। हालांकि पुलिस ने जवान की पहचान कर ली है, लेकिन आधिकारिक तौर पर उसका नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
नई पोस्टिंग के तीन दिन बाद मौत
जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक जवान पहले सुइसा में तैनात था। कुछ दिन पहले ही उसका तबादला नामकुम रेलवे स्टेशन किया गया था और वह नई जिम्मेदारी संभालने यहां पहुंचा था। लेकिन पोस्टिंग के तीसरे ही दिन उसकी मौत की खबर ने रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों को भी झकझोर दिया है।
हादसा, आत्महत्या या कुछ और?
फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से बच रही है। जवान का सिर धड़ से अलग मिलने के कारण कई तरह की आशंकाएं और सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या यह रेलवे दुर्घटना है? क्या जवान ने आत्महत्या की? या फिर इसके पीछे कोई और वजह है? इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास की परिस्थितियों, तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा।
अधिकारियों ने क्या कहा
रांची RPF के इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार ने मीडिया को बताया कि रेलवे ट्रैक के पास इस तरह जवान का शव मिलना गंभीर और चिंताजनक मामला है। पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है और हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
फिलहाल पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
इसे भी पढ़ें : पति झारखंड से गया लौटे तो सामने आया दिल दहला देने वाला मंजर… जानें क्या

