अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित RSS यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दफ्तर पर पेट्रोल बम फेंकने की सनसनीखेज घटना ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया। जिस आरोपी को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया था, वही आरोपी पुलिस हाजत से फरार हो गया। इसके बाद शुरू हुई पीछा करने की कार्रवाई मांडर में पुलिस मुठभेड़ तक पहुंच गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने एक जवान का हथियार छीनकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसे गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगलवार रात फेंका गया था पेट्रोल बम
मामले की शुरुआत मंगलवार देर रात हुई थी। निवारणपुर स्थित RSS दफ्तर के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और परिसर की ओर जलता हुआ पेट्रोल बम फेंक दिया। धमाके और आग की लपटों के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली, लेकिन संवेदनशील स्थल पर हुई इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
SSP ने बनाई थी विशेष जांच टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल सिटी एसपी के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। फुटेज में दो संदिग्ध बाइक सवार स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। इसके बाद उनकी पहचान की गई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू हुई।
रांची से भागने की तैयारी में थे आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद रांची छोड़ने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ की जा रही थी और पुलिस हमले के पीछे के कारणों तथा संभावित साजिशकर्ताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी।
फिर अचानक हाजत से फरार हो गया आरोपी
गुरुवार दोपहर मामले ने तब अप्रत्याशित मोड़ ले लिया जब गिरफ्तार आरोपियों में से एक पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी आखिर किस परिस्थिति में हाजत से निकलने में सफल हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कई थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों को लगाया गया।
मांडर में घिरा, फिर पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस का कहना है कि पीछा करते हुए टीम मांडर इलाके तक पहुंची। यहां आरोपी को घेरकर पकड़ने की कोशिश की गई। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस जवानों ने पहले आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन जब उसने फायरिंग जारी रखी तो जवाबी कार्रवाई की गई।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। गोली लगने के बाद उसे कब्जे में लिया गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होते ही उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी ताकि पेट्रोल बम हमले के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : नई शादी, नई पोस्टिंग… और फिर ट्रैक किनारे RPF जवान की सिर कटी ला’श

