अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे अनुभवी उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। बैंक ऑफ इंडिया (BOI) ने क्रेडिट ऑफिसर के 779 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू होगी। बैंक ने फिलहाल संक्षिप्त नोटिफिकेशन जारी किया है, जबकि विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी।
जनरल बैंकिंग ऑफिसर स्ट्रीम में होगी भर्ती
यह भर्ती जनरल बैंकिंग ऑफिसर (GBO) स्ट्रीम के तहत की जाएगी। इसमें MMGS-II, MMGS-III और SMGS-IV स्केल के पद शामिल हैं। बैंक अनुभवी क्रेडिट प्रोफेशनल्स की नियुक्ति करेगा, इसलिए उम्मीदवारों के पास निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ संबंधित क्षेत्र का अनुभव भी होना चाहिए।
कौन कर सकता है आवेदन?
MMGS-II और MMGS-III पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 55 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।इसके अलावा एमबीए, पीजीडीबीएम, सीए, सीएफए, सीएमए-आईसीडब्ल्यूए या बैंकिंग एवं फाइनेंस से जुड़ी पोस्टग्रेजुएट डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।वहीं SMGS-IV पद के लिए ग्रेजुएशन के साथ एमबीए, पीजीडीबीएम, मास्टर डिग्री या सीए, सीएफए, सीएमए-आईसीडब्ल्यूए जैसी प्रोफेशनल योग्यता अनिवार्य होगी।
जानें उम्र सीमा
MMGS-II पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। MMGS-III के लिए आयु सीमा 28 से 38 वर्ष तय की गई है। वहीं SMGS-IV पद के लिए 30 से 40 वर्ष तक के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार सबसे पहले बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक करियर वेबसाइट पर जाएं। वहां “BOI Credit Officer Recruitment 2026” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद “New Registration” विकल्प चुनकर अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें।रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मिले यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें। आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अनुभव संबंधी जानकारी सावधानी से भरें। इसके बाद पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। अपनी श्रेणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म को एक बार अच्छी तरह जांचने के बाद सबमिट कर दें।
जल्द जारी होगी विस्तृत अधिसूचना
बैंक ऑफ इंडिया ने फिलहाल केवल संक्षिप्त भर्ती सूचना जारी की है। विस्तृत नोटिफिकेशन में आवेदन शुल्क, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, अनुभव की शर्तें और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत अधिसूचना जरूर पढ़ लें।
इसे भी पढ़ें : टीटीजेड में विकास को ग्रीन सिग्नल दिलाएगी सरकार, वरिष्ठ वकीलों की टीम होगी तैयार

