अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना की चाय की टपरी से लेकर मीडिया के गलियारों तक, इस वक्त एक ही चर्चा है… WJAI यानी वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया बिहार की नई टीम। डिजिटल मीडिया के इस दौर में जहां खबरें पलक झपकते ही स्क्रीन पर तैरने लगती हैं, वहां वेब पत्रकारों के हितों की लड़ाई लड़ने वाले संगठन WJAI ने बिहार में अपनी नई सेना मैदान में उतार दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल की हरी झंडी मिलते ही राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि “पिक्कू” ने नई कार्यकारिणी के नामों का ऐलान कर दिया। यह सिर्फ एक लिस्ट नहीं है, बल्कि बिहार में डिजिटल पत्रकारिता को एक नई धार देने की तैयारी है।
अक्षय आनंद : नई टीम के नए ‘कप्तान’
इस नई टीम की कमान सौंपी गई है लाइव सिटीज (LiveCities) के अक्षय आनंद को, जिन्हें बिहार प्रदेश का नया अध्यक्ष बनाया गया है। अक्षय मीडिया जगत में अपनी खास पहचान रखते हैं और अब उन पर संगठन को एक सूत्र में पिरोने की बड़ी जिम्मेदारी है। अध्यक्ष बनते ही अक्षय ने अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने कहा कि यह तो बस शुरुआत है, टीम में जो भी सीटें अभी खाली हैं, उन्हें बहुत जल्द ऐसे काबिल और एक्टिव पत्रकारों से भरा जाएगा जो सच में जमीन पर काम करना चाहते हैं।

चार कंधों पर उपाध्यक्ष का भार, सागर बने महासचिव
संगठन का काम केवल एक शहर तक सीमित नहीं रहता, इसलिए पूरे बिहार को कवर करने के लिए चार उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।
- प्रतीक न्यूज के प्रफुल झा
- न्यूज पीआर के अंशु कुमार झा
- आईएएनएस (IANS) न्यूज एजेंसी के अभिषेक सिंह
- बिहार पत्रिका के अमर कुमार सिन्हा
इन चारों के अनुभवों का फायदा संगठन को मजबूत करने में मिलेगा। वहीं, इस पूरी टीम को एक साथ लेकर चलने और महासचिव की मुख्य भूमिका निभाने की जिम्मेदारी न्यूज हाट के सागर कुमार को दी गई है। सागर के कंधों पर संगठन के रोजमर्रा के फैसलों और तालमेल बिठाने का बड़ा जिम्मा होगा।
सचिव और संयुक्त सचिव… युवाओं और दिग्गजों का मेल
किसी भी संगठन की असली ताकत उसकी फील्ड टीम होती है। इस बार सचिव और संयुक्त सचिव के पदों पर ऐसे चेहरों को चुना गया है जिनकी खबरों की पकड़ मजबूत है।
सचिव की कमान संभालेंगे : पटना प्रेस की करुणा कुमारी, बीबीडी न्यूज के रोहित मेहता, इंकलाब इंडिया (भागलपुर) के रौशन सनगही और प्रभात खबर के अंजनी पांडेय।
संयुक्त सचिव के रूप में हाथ बटाएंगे : प्रभात खबर के राज कमल, एसडीएफ न्यूज के अरविंद जी, जयनगर न्यूज के सुभाष यादव और जामघट लाइव के आदित्य कुमार। यह टीम बिहार के अलग-अलग जिलों और कस्बों से आती है, जिससे छोटे शहरों के वेब पत्रकारों की आवाज भी पटना और दिल्ली तक आसानी से पहुंच सकेगी।
दफ्तर से लेकर तिजोरी तक, इन्हें मिली जिम्मेदारी
संगठन की साख सिर्फ बयानों से नहीं, बल्कि एक मजबूत सिस्टम से बनती है। इस सिस्टम को चलाने के लिए बिहार न्यूज के सिमरनजीत सिंह को ऑफिस सेक्रेटरी बनाया गया है, जो दफ्तर का कामकाज संभालेंगे। वहीं, पैसों के हिसाब-किताब और संगठन की तिजोरी की जिम्मेदारी बिहार न्यूज टुडे के रत्नेश पांडेय को सौंपी गई है, जिन्हें कोषाध्यक्ष का पद मिला है। इनके साथ भारत वार्ता के रवि भूषण को वर्किंग कमिटी का सदस्य बनाकर टीम को और मुस्तैद किया गया है।
दिल्ली से पटना तक उम्मीदों की नई उड़ान
इस नई टीम के एलान के बाद से ही बधाइयों का तांता लगा हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल समेत दिल्ली और अन्य राज्यों के पदाधिकारियों ने बिहार की इस नई टीम को शुभकामनाएं भेजी हैं। वरिष्ठों का मानना है कि यह नई टीम न सिर्फ पत्रकारों के हक की लड़ाई लड़ेगी, बल्कि डिजिटल मीडिया के गिरते स्तर और फेक न्यूज के इस दौर में साख बचाने का काम भी करेगी।
इसे भी पढ़ें : WJAI की झारखंड में बढ़ी ताकत, अब वेब पत्रकारों की बुलंद होगी आवाज

