अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में डिजिटल पत्रकारिता का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। खबरें अब सिर्फ अखबारों और टीवी तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि मोबाइल स्क्रीन तक पहुंच चुकी हैं। ऐसे समय में वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की झारखंड इकाई का गठन एक अहम पहल माना जा रहा है। इस नई कमिटी की कमान अनुभवी पत्रकार दीपक ओझा को सौंपी गई है, जिन्हें कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
एक पत्रकार की लंबी यात्रा, अब नई जिम्मेदारी
दीपक ओझा का नाम झारखंड की पत्रकारिता में लंबे समय से जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया टीवी, नोएडा से की। इसके बाद जनमत टीवी, दूरदर्शन, पीटीएन न्यूज झारखंड और जी न्यूज झारखंड जैसे बड़े प्लेटफॉर्म पर काम करते हुए अपनी पहचान बनाई। सिर्फ रिपोर्टिंग तक ही उनका सफर सीमित नहीं रहा। नक्षत्र न्यूज हिंदी के संस्थापक और चैनल हेड के तौर पर उन्होंने डिजिटल मीडिया को नई दिशा देने की कोशिश की। साधना न्यूज में संपादक के रूप में भी उन्होंने बिहार और झारखंड की खबरों को धार दी। पत्रकारिता के साथ-साथ उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान दिया। रांची विश्वविद्यालय और कई कॉलेजों में बतौर अतिथि शिक्षक उन्होंने नए पत्रकारों को तैयार किया।
नई टीम, नई सोच के साथ आगे बढ़ने की तैयारी
WJAI की झारखंड इकाई के गठन के साथ ही संगठन ने साफ संकेत दिया है कि अब डिजिटल पत्रकारों को एक मजबूत प्लेटफॉर्म देने की दिशा में काम होगा। नई कमिटी में राजीव रंजन को उपाध्यक्ष और पूर्णेंदु पुष्पेश को महासचिव बनाया गया है। संगठन को उम्मीद है कि यह टीम मिलकर झारखंड में वेब पत्रकारों की आवाज को और मजबूत करेगी।
15 दिन में जिलों तक पहुंचेगा संगठन
राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने नई टीम को बधाई देते हुए साफ कहा है कि काम जमीन पर दिखना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया है कि 15 दिनों के भीतर पूरी प्रदेश कमिटी का गठन कर लिया जाए और जिलों में सदस्यता अभियान शुरू किया जाए। इसका मकसद साफ है, हर जिले में डिजिटल पत्रकारों को एक मंच मिले, जहां उनकी समस्याएं सुनी जाएं और समाधान निकाला जा सके।
मीडिया समिट की तैयारी, देशभर के पत्रकार जुटेंगे
दीपक ओझा ने अपनी प्राथमिकताओं को साफ करते हुए कहा कि झारखंड में जल्द ही एक बड़ा मीडिया समिट आयोजित किया जाएगा। इस समिट में देशभर के डिजिटल पत्रकारों को एक मंच पर लाने की योजना है। उनका मानना है कि ऐसे आयोजनों से पत्रकारों के बीच संवाद बढ़ेगा और डिजिटल मीडिया की चुनौतियों पर खुलकर बात हो सकेगी।
डिजिटल मीडिया को मान्यता दिलाने की पहल
आज भी डिजिटल मीडिया से जुड़े कई पत्रकार मान्यता और सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर दीपक ओझा ने कहा कि वे राज्य सरकार के साथ समन्वय कर इस दिशा में ठोस पहल करेंगे। उनका कहना है कि डिजिटल पत्रकार भी उतना ही महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं, जितना पारंपरिक मीडिया के पत्रकार। ऐसे में उन्हें भी समान अवसर और पहचान मिलनी चाहिए। नई कमिटी के गठन के साथ ही झारखंड में डिजिटल पत्रकारिता को लेकर उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। संगठन के सदस्यों का मानना है कि दीपक ओझा के अनुभव और नेतृत्व में WJAI राज्य में एक मजबूत पहचान बनाएगा।
इसे भी पढ़ें : WJAI के 7 साल बेदाग पूरे, अध्यक्ष बोले- पत्रकारिता सत्ता नहीं, सेवा है



