अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : स्कूल और कॉलेज जाने वाली बेटियों को सुरक्षित माहौल मिले, रास्ते में कोई उन्हें परेशान न करे और अभिभावक भी निश्चिंत रहें। इसी सोच के साथ रामगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को पूरे जिले में ‘प्रहरी’ अभियान चलाया। एसपी मुकेश लुनायत के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरे और स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों से लेकर बाजार, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक जगहों तक पैदल गश्त की।
इस दौरान पुलिस की मौजूदगी हर उस जगह पर दिखी, जहां छात्राओं और महिलाओं की आवाजाही ज्यादा रहती है। अभियान का मकसद सिर्फ गश्त करना नहीं था, बल्कि यह संदेश देना भी था कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की बदसलूकी या अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्कूल-कॉलेज के बाहर रही पुलिस की पैनी नजर
सुबह से ही पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहीं। स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास पैदल गश्त की गई। उन रास्तों पर विशेष निगरानी रखी गई, जहां से छात्राएं रोजाना गुजरती हैं।
पुलिसकर्मियों ने यह भी देखा कि कहीं कोई असामाजिक तत्व छात्राओं से छेड़खानी या अभद्र व्यवहार तो नहीं कर रहा। कई जगह छात्राओं और शिक्षकों से बातचीत कर उनका हाल जाना और भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस तुरंत मदद के लिए पहुंचेगी।

बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ी चौकसी
‘प्रहरी’ अभियान के तहत जिले के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस लगातार गश्त करती रही। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी गई और जरूरत पड़ने पर उनसे पूछताछ भी की गई।
पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों से भी बातचीत की। उनसे कहा गया कि यदि किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
छात्राओं और महिलाओं को किया जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और महिलाओं से सीधे संवाद किया। उन्हें बताया गया कि अगर कोई व्यक्ति उनका पीछा करता है, छेड़खानी करता है या किसी तरह से परेशान करता है तो चुप रहने की जरूरत नहीं है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें।
पुलिस ने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
असामाजिक तत्वों को साफ संदेश
रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस का कहना है कि ‘प्रहरी’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रहे और महिलाएं बिना किसी डर के अपने घर, स्कूल, कॉलेज और कार्यस्थल तक आ-जा सकें।
जनभागीदारी से बनेगा सुरक्षित रामगढ़
पुलिस का मानना है कि सुरक्षित समाज बनाने में सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि आम लोगों की भी अहम भूमिका होती है। यदि लोग सतर्क रहें, समय पर सूचना दें और पुलिस का सहयोग करें, तो अपराध पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
रामगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना को नजरअंदाज न करें। समय पर दी गई एक छोटी-सी जानकारी भी किसी बड़ी घटना को रोक सकती है। इसी सोच के साथ ‘प्रहरी’ अभियान जिले में महिलाओं और छात्राओं के लिए भरोसे की नई मिसाल बनता दिखाई दे रहा है।
इसे भी पढ़ें : मेहनत का मिला सम्मान, एसपी ने बदले दो अधिकारियों के बैच

