अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि बिहार सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। इसी सोच के तहत सरकार लगातार बिहार पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस कर रही है, ताकि अपराध पर तेजी से नियंत्रण हो और लोगों को बेहतर सुरक्षा मिल सके। सीएम ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ परिसर में बिहार पुलिस के लिए 48 पुलिस बस, 30 चार पहिया वाहन और 6 एंबुलेंस का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
“पुलिस जितनी मजबूत होगी, जनता उतनी सुरक्षित रहेगी”
कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने नए वाहनों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनकी उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस को बेहतर संसाधन देना केवल सुविधाएं बढ़ाना नहीं है, बल्कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि इन नए वाहनों के मिलने से पुलिस की कार्य क्षमता और दक्षता दोनों बढ़ेंगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को ज्यादा सहूलियत होगी और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही टीम पहले से कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी।
अपराध नियंत्रण से लेकर आपात स्थिति तक मिलेगी मदद
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से अपराध नियंत्रण की कार्रवाई और प्रभावी होगी। आपातकालीन हालात में पुलिस तेजी से प्रतिक्रिया दे सकेगी और जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस की मदद से लोगों तक तुरंत राहत पहुंचाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना भी है। इसके लिए बिहार पुलिस को लगातार आधुनिक तकनीक और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
गश्ती व्यवस्था होगी और मजबूत
सम्राट चौधरी ने कहा कि नए वाहनों से राज्यभर में गश्ती व्यवस्था और मजबूत होगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे अपराध पर नजर रखना आसान होगा। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ने का सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी बिहार पुलिस को जरूरत के मुताबिक आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाते रहेंगे।
डीजीपी ने पौधा भेंट कर किया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार, पुलिस महानिदेशक (निगरानी) जे. एस. गंगवार, पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने खोला डिजिटल शिक्षा का नया अध्याय, सरकारी स्कूलों में LIVE पढ़ाई का आगाज

