अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : खिजरी विधानसभा क्षेत्र के सिलवे मानकीढीपा स्थित बूथ संख्या 169 पर भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। इस कार्यक्रम में झारखंड भाजपा के उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम के बाद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि ‘मन की बात’ अब केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं रह गया है। यह देश के लोगों को राष्ट्र निर्माण और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने वाला जनआंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे कामों और आम लोगों की उपलब्धियों को सामने लाते हैं। इससे समाज के हर वर्ग को कुछ बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।

पौधे बांटकर लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अगर हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो देश में हरियाली बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे बड़ा होने तक बचाना भी जरूरी है। उन्होंने सभी लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रलेखन विभाग के प्रदेश संयोजक अमित चरण, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्रा, महामंत्री मनसा महतो, रोहन पाहन, राजेश श्रीवास्तव, केडी सिंह, श्रुति मुंडा, गाजू महतो और रामकृष्ण महतो सहित कई कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : भरठुवा बंदूक साफ करते वक्त चली गोली, 75 साल के बुजुर्ग की मौ’त

