अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : शादी के चंद महीने बाद एक महिला की जिंदगी में ऐसा डर समा गया कि पूरा परिवार सहम गया। किसी शातिर ने पहले उसके पति के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाया, फिर उसी के जरिए महिला और उसके परिवार को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने महिला का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, पुलिस के पास जाने पर पूरे परिवार को जान से मारने और ट्रक से कुचलवाने तक की धमकी दे डाली। डरी हुई महिला ने आखिरकार परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहन के पास आई फ्रेंड रिक्वेस्ट, यहीं से शुरू हुआ पूरा खेल
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद उसकी बहन के सोशल मीडिया अकाउंट पर उसके पति के नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। शुरुआत में किसी को इस पर शक नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसी आईडी से अजीब संदेश आने लगे। धीरे-धीरे बात ब्लैकमेलिंग तक पहुंच गई। महिला का कहना है कि आरोपी ने फोन कर अपना नाम शमसुल खान बताया और कहा कि उसके पास महिला की फोटो और वीडियो हैं।
10 लाख रुपये नहीं दिए तो वीडियो वायरल करने की धमकी
आरोपी ने महिला से 10 लाख रुपये की मांग की। उसने साफ कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। लगातार धमकियों की वजह से महिला मानसिक तनाव में आ गई। पहले उसने किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन जब धमकियां बढ़ती गईं तो उसने परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी
महिला का आरोप है कि आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने से भी मना किया। उसने कहा कि अगर मामला पुलिस तक पहुंचा तो पूरे परिवार और रिश्तेदारों को जान से मार दिया जाएगा। आरोपी ने यह भी दावा किया कि उसे उनके घर का पता, परिवार के सदस्यों की जानकारी और उनकी गतिविधियों की पूरी जानकारी है।
महिला के मुताबिक आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो पूरे परिवार को ट्रक से कुचलवा दिया जाएगा। इस धमकी के बाद परिवार के सभी लोग भय के माहौल में जी रहे हैं।
परिवार ने हिम्मत दिखाई, थाने पहुंची शिकायत
लगातार दबाव और धमकियों के बीच परिवार ने चुप रहने के बजाय पुलिस का सहारा लिया। नगर थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी गई। पुलिस अब फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। नगर थाना के थानेदार जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ता ने अपने ही परिवार के एक सदस्य की भूमिका पर भी संदेह जताया है। इस वजह से पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले की पहचान की जा रही है। कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : ‘ऑपरेशन मेघाबुरु’ का सबसे बड़ा शिकार, 55 जवानों की शहादत का गुनहगार खूंखार मिसिर बेसरा अरेस्ट… जानें उसकी पूरी जीवन कुंडली

