अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Delhi : DU में इस समय CUET और कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) के जरिए स्नातक दाखिले की प्रक्रिया जारी है। लाखों छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच यूनिवर्सिटी के दो ऑफ-कैंपस कॉलेजों ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने कई छात्रों को राहत दी है। अब इन कॉलेजों में 12वीं के अंकों के आधार पर भी सीधे एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।यह फैसला खास तौर पर उन छात्रों के लिए उम्मीद लेकर आया है जो किसी कारण से CUET के जरिए सीट हासिल नहीं कर सके या अभी तक किसी कॉलेज में दाखिला नहीं पा सके हैं। हालांकि, इस कदम को लेकर विश्वविद्यालय के भीतर चर्चा भी तेज हो गई है क्योंकि आमतौर पर ऐसी अनुमति दाखिले की पूरी प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही दी जाती है।
इन दो कॉलेजों ने शुरू किया सीधा एडमिशन
दिल्ली यूनिवर्सिटी के ऑफ-कैंपस कॉलेज अदिति महाविद्यालय और भगिनी निवेदिता कॉलेज ने 12वीं के अंकों के आधार पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। दोनों कॉलेजों ने अपनी वेबसाइट पर आवेदन से जुड़ी जानकारी जारी कर दी है। सबसे खास बात यह है कि यह प्रक्रिया CUET आधारित CSAS एडमिशन के साथ-साथ चल रही है। यानी जिन छात्रों को अभी तक मनचाहा कॉलेज नहीं मिला है या जिन्होंने किसी वजह से CSAS के जरिए दाखिला नहीं लिया, उनके लिए यह एक अतिरिक्त मौका बन सकता है।
आमतौर पर कब मिलती है ऐसी अनुमति?
दिल्ली यूनिवर्सिटी में पिछले कुछ वर्षों से स्नातक दाखिले पूरी तरह CUET और CSAS के जरिए किए जा रहे हैं। सामान्य नियम के मुताबिक, पहले सभी एडमिशन राउंड, स्पॉट राउंड और मॉप-अप राउंड पूरे किए जाते हैं। अगर इसके बाद भी किसी कॉलेज में सीटें खाली रह जाती हैं, तभी 12वीं के अंकों के आधार पर दाखिले की अनुमति दी जाती है। लेकिन इस बार अदिति महाविद्यालय और भगिनी निवेदिता कॉलेज को पहले ही सीधे आवेदन लेने की मंजूरी मिल गई है। यही वजह है कि इस फैसले को लेकर विश्वविद्यालय के भीतर भी सवाल उठ रहे हैं और इसकी चर्चा हो रही है।
ऐसे होगी पूरी एडमिशन प्रक्रिया
दोनों कॉलेजों ने छात्रों से कहा है कि वे कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड करें, उसे भरें और जरूरी दस्तावेजों के साथ सीधे कॉलेज में जमा करें। इस प्रक्रिया में CSAS पोर्टल का इस्तेमाल नहीं होगा। यानी छात्र सीधे कॉलेज में आवेदन करेंगे और कॉलेज ही पूरी एडमिशन प्रक्रिया संभालेंगे। आवेदन मिलने के बाद 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी और उसी के अनुसार दाखिला दिया जाएगा।इस बार पारंपरिक कट-ऑफ सूची भी जारी नहीं की जाएगी। कॉलेज अपनी मेरिट के आधार पर योग्य छात्रों का चयन करेंगे।
छात्रों के लिए क्यों है अहम फैसला?
यह फैसला उन छात्रों के लिए राहत की खबर है जो अब तक किसी सीट का इंतजार कर रहे हैं या CUET स्कोर के कारण मनचाहा कॉलेज नहीं पा सके हैं। ऐसे छात्रों को अब एक और विकल्प मिल गया है। हालांकि, छात्रों को सलाह दी जा रही है कि आवेदन करने से पहले संबंधित कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर पात्रता, उपलब्ध सीटों और जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी जरूर जांच लें, ताकि आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में आधी रात का आतंक, उचक्कों ने DSP की गाड़ी समेत कई गाड़ियों के शीशे तोड़े











