अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग में 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बड़कागांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े संदेही अंकित कुमार पांडेय को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। अंकित पिपराडीह निवासी अरुण कुमार पांडेय का बेटा है। पुलिस ने उसे पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच की गई तो टेलीग्राम ऐप पर गैंगस्टर प्रिंस खान और गिरोह के दूसरे सदस्यों के साथ उसकी चैट मिली। इसके बाद पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
हथियार बरामद कराने ले गई पुलिस, जवान को धक्का देकर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, अंकित से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर टीम उसे हथियार और दूसरी आपत्तिजनक चीजें बरामद करने के लिए पिपराडीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट ले गई थी। पुलिस टीम जैसे ही वहां पहुंची, अंकित ने एक जवान को धक्का दिया और पिस्तौल निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद वह भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान अंकित के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिस फायर गोली और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा एक देसी बम और चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे भी मिले हैं। पुलिस अब बरामद हथियार और अन्य सामान की जांच कर रही है।
25 जुलाई की रात साथियों के साथ की थी हाईवा पर फायरिंग
पुलिस पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर हाईवा वाहनों पर गोलीबारी करने की बात स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि इस वारदात को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। घटना को प्रिंस खान गिरोह के नाम पर अंजाम देने का मकसद इलाके में डर का माहौल बनाना था। गोलीबारी के बाद मौके पर धमकी भरे पर्चे भी छोड़े गए थे। पूछताछ में अंकित ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और बम पिपराडीह के पास बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे गए हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस उसे लेकर वहां पहुंची थी, जहां उसने पुलिस पर गोली चला दी।
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग करने वाले प्रिंस खान गिरोह से जुड़े अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने मुठभेड़ के दौरान आरोपित के पैर में गोली लगने की भी पुष्टि की। पुलिस अब मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वारदात में इस्तेमाल संसाधनों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मामले में बड़कागांव थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज है। पुलिस का कहना है कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इसे भी पढ़ें : आदिवासी महोत्सव में सजेगा सिनेमा का गुरुकुल… सपनों को मिलेगी कहानी, कैमरा और करियर की उड़ान











