अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Deoghar : गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय और BRICS सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ई-मेल की जांच अब झारखंड के देवघर तक पहुंच गई है। शनिवार को गुजरात पुलिस की एक टीम देवघर पहुंची और नगर थाना क्षेत्र से एक युवक को हिरासत में लिया। युवक से धमकी भरे ई-मेल के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस इस बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी देने से बच रही है। देवघर के एसपी प्रवीन पुष्कर ने युवक को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गुजरात पुलिस की टीम ई-मेल के जरिए धमकी दिए जाने के मामले की जांच के सिलसिले में देवघर पहुंची थी। टीम ने नगर थाना क्षेत्र से एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुजरात सचिवालय और BRICS सम्मेलन को मिली थी धमकी
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले ई-मेल के जरिए गुजरात सचिवालय को उड़ाने और BRICS सम्मेलन के दौरान बम धमाका करने की धमकी दी गई थी। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद गुजरात पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। ई-मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जानकारी जुटाई जाने लगी। जांच के दौरान गुजरात पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे इनपुट मिले, जिनकी कड़ी देवघर से जुड़ती दिखाई दी। इसके बाद गुजरात पुलिस की टीम ने देवघर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की।

ई-मेल और डिजिटल गतिविधियों की जांच
देवघर पहुंची गुजरात पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की और युवक को हिरासत में लिया। अब उससे धमकी भरे ई-मेल के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ई-मेल किस डिवाइस या इंटरनेट कनेक्शन से भेजा गया था और इसमें हिरासत में लिए गए युवक की क्या भूमिका है। जांच में ई-मेल के अलावा युवक के डिजिटल माध्यमों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस उसके मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल सकती है। इसका मकसद धमकी भेजने वाले व्यक्ति या पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना है।
हाई प्रोफाइल मामला, पहचान नहीं बताई
मामला गुजरात सचिवालय और BRICS सम्मेलन को मिली बम धमकी से जुड़ा होने के कारण पुलिस काफी सावधानी बरत रही है। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की जानकारी साझा करना उचित नहीं होगा। फिलहाल गुजरात पुलिस की टीम युवक से पूछताछ कर रही है और देवघर पुलिस जांच में सहयोग कर रही है। पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि धमकी भरे ई-मेल के पीछे युवक की क्या भूमिका थी और इस मामले का दायरा कितना बड़ा है।
इसे भी पढ़ें : रेनकोट और हेलमेट पहन ज्वेलरी शॉप में की थी लूटपाट, 10 रोज में दबोचे गये सभी संदेही

