अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राज्य में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर पटना, हाजीपुर और दरभंगा में खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान मिलावटी पनीर, एक्सपायर्ड दूध, खराब पनीर और फॉर्मेलिन युक्त दूध मिलने पर बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। कई जगहों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
हाजीपुर में 72 किलो मिलावटी पनीर नष्ट
वैशाली जिले के हाजीपुर स्टेशन रोड में खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर की जांच की। सुधीर किराना दुकान से 14 किलो पनीर मिला, जिसमें स्टार्च की मिलावट पाई गई। टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके बाद श्री गणेश पनीर हाउस की जांच की गई। यहां 58 किलो पनीर में स्टार्च की मिलावट मिली। इसे भी मौके पर नष्ट कराया गया। दोनों मामलों में नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरभंगा के बेनीपुर में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने आशापुर चौक स्थित सुधा मिल्क पार्लर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां 21 लीटर एक्सपायर्ड सुधा मिल्क और 18 किलो खराब पनीर मिला। टीम ने दोनों खाद्य पदार्थों को तत्काल नष्ट करा दिया। जांच के लिए कुछ नमूने भी लिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फतुहा में दूध में फॉर्मेलिन मिला, 126 लीटर दूध नष्ट
पटना जिले के फतुहा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा टीम की जांच में दूध में फॉर्मेलिन की मौजूदगी सामने आई। सबलपुर में टेढ़ी पुल के पास राजीव डेयरी में दूध और पनीर की जांच की गई। जांच के दौरान दूध के नमूने में फॉर्मेलिन पाया गया। इसके बाद करीब 126 लीटर दूध को नष्ट करा दिया गया। टीम ने आवश्यक नमूने भी सुरक्षित किए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। फतुहा थाना क्षेत्र के बाजितपुर स्थित Alexa Foods and Supplements में भी खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि निरीक्षक, आयुष निदेशालय और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान परिसर में Food Supplements, Raw Materials और इनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले। कुछ तैयार और कुछ अर्द्धनिर्मित उत्पाद भी परिसर में पाए गए। टीम ने जांच के लिए कुल छह नमूने संग्रहित किए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक निरीक्षण के दौरान Food Supplements के अलावा कोई अन्य दवा नहीं मिली। किसी आपत्तिजनक या संदिग्ध पदार्थ की भी पुष्टि नहीं हुई। संस्थान के स्वाधिकारी ने Food Supplements के निर्माण और संबंधित खाद्य विनिर्माण अनुज्ञप्ति उपलब्ध होने की जानकारी दी है। दस्तावेजों और प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पटना में स्वीट्स प्रतिष्ठान का भी औचक निरीक्षण
पटना शहर स्थित संतुष्टि स्वीट्स और उसकी विनिर्माण इकाई का भी खाद्य सुरक्षा टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने वहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सचिव सह खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि ने कहा है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और तय मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री ही रखने और बेचने का निर्देश दिया गया है। एक्सपायर्ड, खराब, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री का भंडारण, इस्तेमाल और बिक्री मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, नमूना संग्रहण और प्रयोगशाला परीक्षण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : बिहार में सोशल साइंस रिसर्च को मिलेगा ग्लोबल बूस्ट, सीएम सम्राट ने इन्हें दिया न्योता

