अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। अलग-अलग इलाकों में चलाए गए अभियानों में अरगोड़ा और जगरनाथपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तड़के फल लदे ट्रकों के चालकों से चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को दबोच लिया। वहीं, पेट्रोल पंप के पास बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े तीन शातिर अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा हरमू जतरा मैदान के पास से ब्राउन शुगर बेचते एक तस्कर को भी रंगे हाथ पकड़ा गया है।
सब इंस्पेक्टर को धक्का देकर भाग रहे थे लुटेरे, पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा
रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे अरगोड़ा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक पर सवार दो बदमाशों ने फल लदे दो ट्रकों के चालकों को घेर लिया। अपराधियों ने चालकों को चाकू का डर दिखाया और उनसे मोबाइल व नकदी लूट ली। घटना की सूचना जैसे ही अरगोड़ा पुलिस को मिली, इलाके में गश्त कर रही पीसीआर वैन तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस टीम ने बाइक सवार अपराधियों का पीछा करना शुरू किया।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने बाइक रोकने की कोशिश कर रहे गश्ती दल के सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार उपाध्याय को जोरदार धक्का मार दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बावजूद पुलिस जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और पीछा जारी रखकर दोनों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान किशोरगंज रोड नंबर चार निवासी अमन कुमार और कांके ब्लॉक चौक के पास रहने वाले अमन तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया ओप्पो मोबाइल, छह सौ रुपये नकद, चार अन्य मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल की गई सुजुकी बाइक और चाकू बरामद कर लिया है। पीड़ित चालक के बयान पर केस दर्ज कर दोनों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

ब्राउन शुगर बेचने निकला तस्कर भी हरमू से गिरफ्तार
अरगोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ भी एक अहम कामयाबी हासिल की है। शनिवार को थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि हरमू के जतरा मैदान के पास नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल बनाया गया।
टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और सुखदेवनगर के श्रीनगर निवासी तीस वर्षीय सुशांत कुमार कर्ण को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.79 ग्राम ब्राउन शुगर की छह पुड़िया, एक हजार रुपये नकद और एक रेडमी मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पेट्रोल पंप के पास बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, तीन पुराने बदमाश धरे गए
इधर, जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि बिरसा चौक स्थित इंडियन ऑयल के इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के पास पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में मंडरा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही जगरनाथपुर पुलिस ने घेराबंदी की और लाल-काले रंग की पल्सर 220 बाइक सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, खाली मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में सुखदेवनगर इलाके के शास्त्री चौक निवासी आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, गंगानगर निवासी संदीप कुमार प्रसाद उर्फ ढाबुस और जतरा मैदान के पास रहने वाला रोहित कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि ये तीनों पुराने हिस्ट्रीशीटर हैं और इनके खिलाफ सुखदेवनगर व कोतवाली थाने में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले के कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात को अंजाम देने वहां पहुंचे थे।
इसे भी पढ़ें : झारखंड को बनाएंगे देश का आयुर्वेद हब, 900 करोड़ से जल्द खुलेगा मेडिकल कॉलेज : स्वास्थ्य मंत्री


