अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी इलाके में गुरुवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी डकैती को अंजाम दिया। केनरा बैंक की शाखा खुलते ही पांच हथियारबंद बदमाश अंदर घुसे और पूरे स्टाफ समेत ग्राहकों को गनपॉइंट पर ले लिया। बदमाशों ने करीब एक घंटे तक बैंक में तांडव मचाया और लॉकर से 43 लाख रुपये नकद समेत भारी मात्रा में गोल्ड लोन का सोना समेटकर भाग निकले। वारदात के दौरान विरोध करने पर गार्ड को लहूलुहान कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जिलेभर की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई।
बैंक खुलते ही घुसे बदमाश, गार्ड को पीटा
वारदात सुबह करीब 10 बजे की है, जब बैंक खुला ही था और कर्मचारी अपना काम शुरू कर रहे थे। इसी दौरान पांच हथियारबंद बदमाश अचानक बैंक के अंदर घुस आए। बैंक के सुरक्षा गार्ड ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। गार्ड के सिर पर हथियार के बट से वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया गया। इसके बाद बदमाशों ने बैंक कर्मियों और उस वक्त मौजूद ग्राहकों को हथियारों के बल पर एक कोने में बंधक बना लिया। बदमाशों ने सीधे बैंक मैनेजर को निशाने पर लिया और जान से मारने की धमकी देकर लॉकर की चाबियां छीन लीं।
एक घंटे तक कमरे में बंद रहे कर्मी, लॉकर खाली कर भागे
बदमाशों ने करीब एक घंटे तक बैंक के भीतर बंधक बनाकर लूटपाट की। मैनेजर से लॉकर खुलवाने के बाद बदमाशों ने उसमें रखे करीब 43 लाख रुपये नकद और ग्राहकों के गिरवी रखे सोने के जेवरात अपने बैग में भर लिए। लूटपाट पूरी करने के बाद सभी आरोपी बाहर खड़ी बाइकों पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए। बदमाशों के भागने के बाद डरे-सहमे कर्मचारियों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। घायल गार्ड को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस बैंक और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के चेहरे और उनकी गाड़ियों के नंबर पहचाने जा सकें। ग्रामीण एसपी ने बताया कि लुटेरों के भागने के रास्तों पर पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं और शहर के सभी प्रमुख नाकों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के वक्त बैंक का अलार्म क्यों नहीं बजा या कर्मचारी उसे बजाने में नाकाम क्यों रहे। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : रामगढ़ में मूसलाधार बारिश के बाद अलर्ट, पतरातू डैम और भैरवा जलाशय जाने पर रोक



