अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के बरकाकाना इलाके में अवैध महुआ शराब के धंधे पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने गुरुवार को अचानक बड़ी कार्रवाई की। बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहेल ऊपर टोला में पुलिस टीम ने छापेमारी कर एक बंद पड़े मकान से करीब 40 किलो जावा महुआ जब्त किया। शराब बनाने की नीयत से छिपाकर रखी गई इस खेप को पुलिस ने तुरंत वहीं मौके पर ही नष्ट कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से इलाके के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।
बंद घर के भीतर छिपाकर रखी गई थी खेप
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हेहेल ऊपर टोला स्थित एक खाली मकान में अवैध शराब बनाने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही बरकाकाना ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा और एएसआई परीक्षित महतो के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जब मुन्ना सिंह के बंद पड़े मकान का ताला खुलवाकर तलाशी ली गई, तो अंदर बोरियों में भरा भारी मात्रा में जावा महुआ मिला। धंधेबाज इसे सड़ाकर शराब तैयार करने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले कि भट्ठी सुलगती, पुलिस ने सारा कच्चा माल बाहर निकाला और नष्ट कर दिया।
शराब माफियाओं पर कड़ा रुख, संदिग्ध ठिकानों पर नजर
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की और इलाके के संदिग्ध ठिकानों की पड़ताल की। एएसआई परीक्षित महतो ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ विभाग पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र के ऐसे सभी पुराने और संदिग्ध ठिकानों की सूची तैयार कर ली गई है, जहां चोरी-छिपे शराब बनाने या बेचने का काम होता है। कानून तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी धाराएं लगाई जाएंगी।
ओपी प्रभारी बोले- धंधेबाजों को बख्शा नहीं जाएगा
ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, भंडारण और बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि गांव या मोहल्ले में कोई भी व्यक्ति अवैध शराब के कारोबार में लिप्त दिखता है, तो तुरंत पुलिस को खबर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा और पुलिस तुरंत एक्शन लेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में हाथियों का तांडव, रौंद डाली तीन किसानों की तैयार फसल



