अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के हरमू इलाके में स्थित जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया है। उपद्रवियों ने प्रतिमा पर कालिख पोत दी, उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और उस पर आपत्तिजनक बातें भी लिख दीं। इस घटना के सामने आते ही सियासी पारा चढ़ गया है। झारखंड भाजपा ने मामले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए अरगोड़ा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पार्टी नेताओं ने साफ कहा है कि महापुरुषों का यह अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाने पहुंचा भाजपा का प्रतिनिधिमंडल, दर्ज कराई नामजद शिकायत
घटना की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल अरगोड़ा थाने पहुंचा। इस दल का नेतृत्व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, महामंत्री गणेश मिश्रा और स्थानीय विधायक नवीन जायसवाल कर रहे थे। इस दौरान हरमू मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं समेत राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम 1971 के तहत मामला दर्ज किया। भाजपा ने पुलिस से मांग की है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उपद्रवियों को तुरंत पकड़ा जाए और हरमू स्थित पार्क व प्रतिमा की स्थायी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

दीपक प्रकाश बोले- विचार मिटाए नहीं जा सकते, सरकार पर साधा निशाना
थाने में मीडिया से बातचीत करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्टी के वैचारिक आधार के प्रणेता रहे हैं और उन्होंने जम्मू-कश्मीर से लेकर पूरे देश की एकता के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। ऐसे राष्ट्रनायक का अपमान बेहद शर्मनाक और दुखद है। उन्होंने कहा कि उपद्रवी भले ही प्रतिमा को थोड़ा नुकसान पहुंचा लें, लेकिन उनके विचारों को कभी खत्म नहीं कर सकते। देश के किसी भी महापुरुष की प्रतिमा देश के गौरव और त्याग का प्रतीक होती है, और उस पर कालिख पोतना एक बीमार मानसिकता को दर्शाता है।
हेमंत सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल, बड़े आंदोलन की चेतावनी
दीपक प्रकाश ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की कानून व्यवस्था पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा शासन में असामाजिक और अराजक तत्वों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि वे खुलेआम महापुरुषों की प्रतिमाओं को निशाना बना रहे हैं। भाजपा ने पुलिस और प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सामाजिक माहौल बिगाड़ने की साजिश करने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अगर प्रशासन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे, सड़कों पर उतरेंगे और सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन छेड़ेंगे।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, सुधीर श्रीवास्तव, दीनदयाल वर्णवाल और सूरज शाहदेव समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : IIIT रांची के सक्षम को 1.25 Cr का पैकेज, लगन से बदल डाली तकदीर की लकीरें



