अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट के सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। वारदात के बाद एक्टिव हुई रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक के मोबाइल से पुलिस को घटना से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस ने बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में और नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मेला देखकर लौट रहे नशे में धुत युवकों ने बनाया निशाना
रांची के रूरल एसपी गौरव गोस्वामी के अनुसार वारदात 22 सितंबर की रात की है। पीड़िता ने 26 सितंबर को रातू थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ में सामने आया कि चटकपुर पंचायत से करमा पूजा का मेला देखकर चार लड़के नशे की हालत में लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने युवती को फोन पर बात करते हुए अकेले जाते देखा। सुनसान जगह देखकर चारों ने उसे घेर लिया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। दरिंदगी के बाद आरोपियों ने युवती के गले से सोने की चेन भी छीन ली और फरार हो गए।
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रूरल एसपी गौरव गोस्वामी की निगरानी और डीएसपी अजय आर्यण के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। रातू थानेदार इंस्पेक्टर आदिकांत महतो और तकनीकी शाखा की टीम ने मानवीय और इलेक्ट्रॉनिक इनपुट के जरिए आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने दबिश देकर चटकपुर निवासी संदीप मुंडा उर्फ रावन (22 वर्ष) और सुनील मुंडा (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। साथ ही वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी पकड़ा।
लूटी गई चेन बेची, मोबाइल से मिले अहम सबूत
कड़ाई से पूछताछ करने पर सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने युवती से छीनी गई चेन बेच दी थी। पुलिस ने संदीप मुंडा के पास से एक एंड्रायड मोबाइल बरामद किया है, जिसमें घटना से जुड़े पुख्ता सबूत मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि संदीप मुंडा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाने में चोरी का केस दर्ज है। पुलिस अब छीनी गई चेन की बरामदगी में जुटी है। रूरल एसपी गौरव गोस्वामी क्या बता गये… देखें वीडियो
रातू गैंगरेप : रावण सहित चार संदेही पुलिस के शिकंजे में, रांची के रूरल SP गौरव गोस्वामी क्या बोले… देखें वीडियो #Ranchi #CrimeNews #Jharkhand #NewsSamvad #TodayNews #BreakingNews #RanchiPolice #LatestNews #TrendingNews pic.twitter.com/5qjoqD3NjG
— News Samvad (@newssamvaad) September 29, 2026
इसे भी पढ़ें : अवैध खनन पर डीसी सख्त, अफसरों को दिए ताबड़तोड़ कार्रवाई के निर्देश



