अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : नेशनल हाइवे पर रात और तड़के सड़क किनारे बेतरतीब खड़े भारी वाहन अब हादसों की बड़ी वजह नहीं बनेंगे। हाइवे पर नो-पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी करने वाले चालकों के खिलाफ रामगढ़ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। डीसी ऋतुराज के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने एनएच-33 और एनएच-23 पर मंगलवार तड़के ताबड़तोड़ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर आराम फरमा रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने दोनों प्रमुख हाइवे पर नो-पार्किंग में खड़े 21 भारी और मालवाहक वाहनों की सघन जांच की, जिसमें नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर 6 वाहनों पर 71,950 रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया।
अंधेरे में हादसों का सबब बनते हैं खड़े वाहन
अक्सर देखा जाता है कि रात के वक्त या अहले सुबह चालक अपने बड़े ट्रकों और ट्रेलरों को हाइवे किनारे या नो-पार्किंग क्षेत्र में ही लावारिस की तरह खड़ा कर देते हैं। सुबह के धुंधलके और अंधेरे में तेज रफ्तार गाड़ियों को सड़क किनारे खड़े ये वाहन नजर नहीं आते, जिससे पीछे से जोरदार टक्कर होती है और गंभीर सड़क हादसे पेश आते हैं। इसी खतरे को भांपते हुए प्रशासन ने यह विशेष जांच अभियान चलाया। जांच टीम ने मौके पर खड़े वाहनों के कागजात, परमिट और सड़क सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर तत्काल चालान की कार्रवाई की।
तय पार्किंग में ही खड़ी करें गाड़ियां, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई
छापेमारी के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद चालकों को कड़ी फटकार लगाई और साफ हिदायत दी कि वे वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क किनारे अवैध तरीके से गाड़ी खड़ी करना न सिर्फ ट्रैफिक में रुकावट डालता है बल्कि दूसरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बनता है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि हाइवे पर आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अगर चालक अपनी आदत नहीं सुधारते हैं तो उनके खिलाफ और भी सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : रातू गैंगरेप : रावण सहित चार संदेही पुलिस के शिकंजे में, SP क्या बोले… देखें वीडियो



