अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi (Ansar Ansari) : अनगड़ा के सिरका पंचायत के मेढ़ेटुंगरी गांव में मंगलवार को करम मिलन सह नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रामीण युवा संगठन मेढ़ेटुंगरी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक गीतों और मांदर की थाप पर ग्रामीण देर शाम तक झूमते रहे। समारोह की अध्यक्षता झल्लू मुंडा ने की और मंच संचालन बालेश्वर महतो ने संभाला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षाविद डॉ. अमर कुमार चौधरी मौजूद रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जैलेन्द्र कुमार, सिरका के मुखिया रौशनलाल मुंडा, पंचायत समिति सदस्य सावित्री देवी, ओरमांझी विधायक प्रतिनिधि हरिमोहन महतो, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विशाल स्वांसी, कांग्रेस मीडिया प्रभारी कुलेश्वर मुंडा और शमीम खान शामिल हुए।
होनहार छात्र-छात्राओं की हौसलाअफजाई
कार्यक्रम के दौरान मेढ़ेटुंगरी और आसपास के गांवों से इस वर्ष मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले करीब दो दर्जन छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर उनकी लगन की सराहना की। इस मौके पर डॉ. अमर कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा ही तरक्की का सबसे मजबूत रास्ता है। उन्होंने युवाओं से जी-तोड़ मेहनत करने और समाज में मिसाल बनने का आह्वान किया। वहीं जैलेन्द्र कुमार ने कहा कि सामाजिक एकजुटता और संस्कृति को जिंदा रखने वाले ऐसे आयोजनों में वे हमेशा ग्रामीणों के साथ खड़े रहेंगे।
अखड़ा में मांदर की थाप और खोरहा दलों का रंग
सांस्कृतिक संध्या में अजय देवघरिया और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक नागपुरी गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। करम अखड़ा में पारंपरिक वेशभूषा पहनकर उतरीं एक दर्जन से अधिक खोरहा मंडलियों ने अपनी सामूहिक नृत्य शैली से सबका मन मोह लिया। पारंपरिक गीतों पर युवक और युवतियां देर रात तक कदम से कदम मिलाकर थिरकते रहे। समिति की ओर से हिस्सा लेने वाली सभी खोरहा मंडलियों को भी उपहार देकर उनका मान बढ़ाया गया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संगठन के सचिव सेवाराम महतो, कोषाध्यक्ष किशुन महतो, उपाध्यक्ष विजय चौधरी, उपसचिव शनि मुंडा, कार्यकारी अध्यक्ष श्याम कुमार महतो, कार्यकारी उपाध्यक्ष बालेश्वर चौधरी और कार्यकारी सचिव जलेश्वर महतो की अहम भूमिका रही। इसके अलावा अरविंद कुमार महतो, बाबूलाल मुंडा, विष्णु मुंडा, सकल मुंडा, अजेश मुंडा, मित महतो, राजू मुंडा, अजय ठाकुर, करमलाल महतो, कृष्णा महतो, राजेश मुंडा, बलराम महतो, रामजीत नायक, अजय नायक, रविन्द्र मुंडा, भोला शंकर नायक, सूरज मुंडा, संजीत महतो, प्रकाश महतो, प्रदीप मुंडा, प्रदीप महतो, पारसनाथ मुंडा, मनीराम नायक, मेघनाथ मुंडा, गणित नायक और भुनेश्वर महतो समेत कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग दिया।
इसे भी पढ़ें : सुरक्षा का लाइव पाठ : CISF ने PTPS कॉलेज में दी फायर फाइटिंग ट्रेनिंग



