अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 24 सितंबर की रात हुई रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को दबोच लिया है। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की सफेद रेनॉल्ट कार भी बरामद कर ली गई है। मृतक रितिक गिरिडीह शहर के राजेंद्र नगर का रहने वाला था। उसके पिता मुसाफिर सिंह यादव बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाने में SI यानी सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।
छह महीने पुराना विवाद मैगी प्वाइंट पर फिर भड़का
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के पीछे छह महीने पुरानी अदावत वजह बनी है। उस समय दोनों पक्षों के बीच लफड़ा सुलझा लिया गया था। 24 सितंबर की रात रितिक अपने दोस्तों के साथ बंदरकुप्पी स्थित भदानी मैगी शॉप एंड टी स्टॉल पर गया हुआ था। वहां आरोपी सतीश यादव भी मौजूद था। दोनों का आमना-सामना होते ही पुरानी बात को लेकर दोबारा कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सतीश वहां से निकल गया, लेकिन कुछ ही देर में अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटा और SI के बेटे रितिक का पीछा करने लगा।
रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से किया हमला
रास्ते में रितिक अपनी कार रोककर जैसे ही सड़क किनारे निकला, घात लगाए आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने लाठी और डंडों से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में गंभीर चोट लगने के कारण रितिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई थी। टीम ने सुराग जुटाते हुए पीरटांड़ के नावाडीह निवासी सतीश यादव और अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
बिना नंबर की कार और खून के नमूने बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर वाली सफेद रंग की रेनॉल्ट कार जब्त कर ली है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए पुलिस ने खून के नमूने, हमले में इस्तेमाल तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पलें बरामद कर जांच के लिए सुरक्षित रखी हैं। परिजनों का कहना है कि जिस वक्त मैगी प्वाइंट पर विवाद हुआ, वहां काफी लोग मौजूद थे, लेकिन बीच-बचाव के लिए कोई आगे नहीं आया। इस दुकान पर रात आठ बजे के बाद देर रात तक युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : 13 जगहों पर पुलिस ने रोकी रफ्तार, 1200 से ज्यादा लोगों को SP दे गये सुरक्षा का मंत्र



