अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले अनुसेवक अंगद महतो को बुधवार को विदाई दी गई। उनके रिटायरमेंट पर सीएम हेमंत सोरेन ने खुद उन्हें सम्मानित किया और उनके आगे के जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दफ्तर का माहौल काफी आत्मीय और भावुक नजर आया। सीएम ने अंगद महतो को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दफ्तर के हर छोटे-बड़े कर्मचारी की मेहनत से ही पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से चलती है। अंगद महतो ने पूरी निष्ठा और लगन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और खुशहाल पारिवारिक जीवन की कामना की।

सीएम के सरल स्वभाव की अंगद ने की तारीफ
सम्मान पाकर भावुक हुए अंगद महतो ने मुख्यमंत्री के प्रति दिल से आभार जताया। उन्होंने अपने काम के दिनों को याद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का स्वभाव बेहद सहज और संवेदनशील है। इतने वर्षों की नौकरी के दौरान कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वे किसी दबाव में काम कर रहे हैं। यहां हमेशा अपनेपन का माहौल मिला, जिसे वे जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे।
इस विदाई समारोह में मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी सहकर्मियों ने अंगद महतो के साथ बिताए पलों को याद किया और उनके मिलनसार स्वभाव की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने उन्हें फूल देकर विदा किया और उनके सुखद व शांतिपूर्ण भविष्य की मंगलकामना की।
इसे भी पढ़ें : रांची को देश का IT हब बनाने की तैयारी, सीएम हेमंत से RMZ प्रेसिडेंट ने की चर्चा



