अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में बालू के अवैध धंधे पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिरसा चौक के पास अवैध बालू से लदे एक हाईवा को जब्त कर लिया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके के बालू माफियाओं और धंधेबाजों में खलबली मच गई है।
गुप्त सूचना मिलते ही बिरसा चौक पर बिछाया जाल
भुरकुंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता को सूचना मिली थी कि अवैध बालू लेकर एक भारी वाहन बिरसा चौक के रास्ते निकलने की फिराक में है। खबर पुख्ता होते ही थाना प्रभारी ने फौरन एक टीम तैयार की और बिरसा चौक पर वाहनों की जांच शुरू करवा दी। कुछ ही देर में तेज रफ्तार में आ रहा एक हाईवा दिखाई दिया। पुलिस बल ने जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक सकपका गया और गाड़ी की रफ्तार धीमी कर नीचे कूदकर भागने लगा। मौके पर तैनात जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।
न चालान मिला न माइनिंग रसीद, सीधे थाने पहुंची गाड़ी
हिरासत में लिए गए चालक से जब पुलिस ने बालू ढुलाई से जुड़े कागजात, चालान और माइनिंग रसीद मांगी, तो वह बगले झांकने लगा। उसके पास परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज नहीं था। इसके साथ ही गाड़ी में तय क्षमता से काफी ज्यादा बालू लोड पाया गया। पुलिस ने गाड़ी को तत्काल जब्त किया और सीधे भुरकुंडा थाने ले आई। पकड़े गए हाईवा का निबंधन संख्या जेएच 02बीबी 2910 है।
खनन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट, कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी को भेज दी है। संबंधित कानूनी धाराओं के तहत वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने साफ कर दिया है कि इलाके में अवैध खनन और बालू की तस्करी किसी भी हाल में चलने नहीं दी जाएगी। आने वाले दिनों में भी सड़कों पर इस तरह का जांच अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने भी राहत जताई है।
इसे भी पढ़ें : DIG पर पत्रकार को धमकाने और रास्ता रोकने का आरोप, बाबूलाल ने सीएम को लिखा पत्र



