अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती यानी स्वच्छ भारत दिवस के मौके पर शुक्रवार को रांची नगर निगम परिसर में खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने की शपथ ली। महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने सभी कर्मियों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। इस दौरान शहर के अलग-अलग वार्डों में दिन-रात मेहनत कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने वाले 10 सफाई मित्रों को शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
सफाई केवल निगम का काम नहीं, हर नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि गांधी जयंती का यह दिन केवल औपचारिकता निभाने का नहीं, बल्कि स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत में शामिल करने का दिन है। उन्होंने दो टूक कहा कि कोई भी शहर सिर्फ नगर निगम या प्रशासन के बूते साफ नहीं रह सकता। इसके लिए शहर के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। जब तक आम लोग अपने घरों, दुकानों और मुहल्लों से निकलने वाले कचरे का सही तरीके से निपटारा नहीं करेंगे, तब तक शहर को पूरी तरह साफ रखना मुश्किल है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इधर-उधर कचरा फेंकने से बचें और गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की आदत डालें।

आदतों में छोटे बदलाव से बनेगी बात, दैनिक जीवन का हिस्सा बने सफाई
समारोह में मौजूद उप महापौर श्री नीरज कुमार ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली बनाना होगा। अगर लोग अपनी आदतों में थोड़ा-सा बदलाव कर लें, जैसे सड़क पर थूकना बंद कर दें और पॉलीथिन का इस्तेमाल न करें, तो सफाई व्यवस्था अपने आप पटरी पर आ जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर की रीढ़ हैं और उनके काम की जितनी तारीफ की जाए कम है, लेकिन जनता का सहयोग उनके काम को आसान बना सकता है। नगर आयुक्त श्री सुशांत गौरव ने भी सफाई मित्रों की हौसला अफजाई की और कहा कि पूरे शहर में सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए निगम लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में निगम के आला अधिकारी रहे मौजूद
सम्मान पाने वाले सफाई मित्रों के चेहरों पर इस दौरान साफ खुशी नजर आ रही थी। मंच से अधिकारियों ने एक बार फिर दोहराया कि स्वच्छ रांची का सपना तभी सच होगा जब हर मोहल्ले का निवासी इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझेगा। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार समेत निगम के कई अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : वोटर लिस्ट किसी दल की जागीर नहीं, सोशल मीडिया के झूठ में न उलझें, नियम समझें : मेयर



