अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : गयाजी में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ के दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों से मिट्टी की सेहत सुधारने और प्राकृतिक खेती की तरफ लौटने की जोरदार अपील की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि धरती माता सुरक्षित रहेंगी, तभी अन्नदाता समृद्ध बन पाएंगे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं और महिला किसानों की भूमिका को खेती के भविष्य के लिए सबसे अहम बताया। इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधायक श्रीमती ज्योति देवी, विधायक रोमित कुमार, डीएम शशांक शुभंकर और जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती नैना कुमारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रासायनिक खादों के अंधाधुंध इस्तेमाल से घट रही खेतों की ताकत
कृषि मंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज खेतों में रासायनिक खादों का असंतुलित और बहुत ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है। इससे मिट्टी की अपनी प्राकृतिक ताकत लगातार खत्म हो रही है। जमीन बंजर होने की कगार पर पहुंच रही है और इसका सीधा नुकसान हमारी सेहत और पर्यावरण दोनों पर दिख रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रकृति से तालमेल बिठाकर की जाने वाली खेती ही आने वाले कल का सबसे बड़ा सहारा है। अगर हम आज नहीं संभले और मिट्टी की सेहत नहीं बचाई, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए अनाज उगाना भी मुश्किल हो जाएगा।

युवा शक्ति लाए नवाचार, बदलें खेती की पुरानी तस्वीर
श्री सिन्हा ने युवाओं को सीधे तौर पर खेती से जुड़ने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि आज के पढ़े-लिखे नौजवानों को प्राकृतिक खेती के नए तौर-तरीके सीखने चाहिए और इसे एक आंदोलन बनाकर गांव-गांव तक पहुंचाना चाहिए। युवा शक्ति अपनी नई सोच और तकनीक के दम पर खेती को घाटे के सौदे से निकालकर मुनाफे वाले काम में बदल सकती है। जब तक युवा इस दिशा में आगे नहीं आएंगे, तब तक खेती में बड़ा बदलाव लाना आसान नहीं होगा।
सिर्फ फसल उगाने तक सीमित न रहें महिलाएं, शुरू करें अपना कारोबार
महिला किसानों की मेहनत की तारीफ करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि हमारी बहनें सिर्फ खेतों में काम करने तक ही सीमित न रहें, बल्कि अब उन्हें बड़ा व्यापारी और उद्यमी बनना होगा। सरकार की सोच है कि महिलाएं फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और फसलों के तैयार माल को सीधे बाजार में बेचने का काम शुरू करें। जब महिलाएं कृषि उत्पादों के कारोबार से जुड़ेंगी, तो उनकी जेब में सीधा पैसा आएगा और परिवार की माली हालत तेजी से सुधरेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेतों की रक्षा और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए हर जरूरी कदम उठाने को पूरी तरह तैयार है।
इसे भी पढ़ें : लड़की के फर्जी किडनैपिंग का वीडियो वायरल करने वाला मोतिहारी से अरेस्ट


