अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chhapra (Saran) : “बिहार बदल रहा है और हमारा लक्ष्य है कि राज्य के एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी व रोजगार मिले, ताकि हमारे युवाओं को काम के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े।” यह बात बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सारण जिले के मांझी प्रखंड स्थित रामघाट पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सीएम ने साफ किया कि राज्य में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू किया जा रहा है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के दौरान पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत भी की जाएगी। इस मौके पर सीएम ने 8 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से बने रामघाट, अटल द्वार और अटल वाटिका का लोकार्पण किया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए घोषणा की कि अब हर साल उनकी जयंती पर यहां राजकीय स्तर पर अटल उत्सव मनाया जाएगा।

21 नवंबर को वैशाली आएंगे पीएम मोदी, सिताबदियारा के लिए बनेगा स्थायी पुल
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं और 21 नवंबर को वे वैशाली आ रहे हैं, जहां कई बड़ी विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होगा। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर आरा से लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताबदियारा को जोड़ने के लिए पीपा पुल की जगह स्थायी पुल बनाने का आग्रह किया गया है, जिस पर सहमति मिल गई है। इसके अलावा नदियों से निकलने वाली गाद का इस्तेमाल सड़क और बांध बनाने में करने के लिए भी केंद्र के साथ समझौता हुआ है। सीएम ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि बाढ़ के कारण जिन किसानों के खेतों में नदी का बालू और गाद जमा हो गया है, उन्हें आपदा प्रबंधन विभाग के जरिए जल्द मुआवजा दिलाया जाए।
22 हजार करोड़ की योजनाएं होंगी शुरू, 1.1 KW का सोलर पैनल लगाएं गरीब परिवार
सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि 31 मार्च से पहले बिहार में 22 हजार करोड़ रुपये की नई योजनाएं शुरू करने का निर्देश दिया गया है। राज्य के एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड देने का लक्ष्य है, जिसमें से 24 लाख लोगों को कार्ड मिल चुका है और 1,400 नए डीलर बनाए गए हैं। शेष 78 लाख लोगों को जल्द कार्ड देने के लिए काम चल रहा है। बिजली व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आज 22 से 23 घंटे बिजली मिल रही है और 1 करोड़ 92 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने संपन्न लोगों से अपील की कि वे स्वेच्छा से यह मुफ्त बिजली छोड़ें। वहीं गरीब परिवारों से आह्वान किया कि वे अगले 25 साल तक बिजली बिल से मुक्ति पाने के लिए छतों पर 1.1 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाएं, जिसके लिए सरकार 8 से 10 हजार रुपये का अनुदान भी दे रही है।

छठ से पहले रामघाट तैयार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात होगी एसडीआरएफ
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि रामघाट से प्रभु श्रीराम के आगमन और सरयू नदी में स्नान की धार्मिक मान्यता जुड़ी है। छठ महापर्व से ठीक पहले इसका लोकार्पण होने से श्रद्धालुओं को बड़ी सहूलियत होगी। उन्होंने गर्व से कहा कि दुनिया उगते सूर्य को प्रणाम करती है, लेकिन बिहार के लोग डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देते हैं, यही हमारी संस्कृति है। सरयू नदी में तेज बहाव को देखते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यहां एसडीआरएफ की एक टीम तैनात करने और घाट का विस्तार दोनों तरफ बने पुलों तक करने का निर्देश दिया। सीएम ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 32 दलों को जोड़कर एनडीए बनाया था और बिहार के विकास के लिए चार साल तक हर वर्ष 4 हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिया था, जिससे 2005 के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सड़क और बिजली का जाल बिछा।

रात एक बजे भी पढ़ रहे पौने दो लाख बच्चे, स्कूल में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलाव पर सीएम ने कहा कि बिहार के बच्चों को पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े, इसके लिए 700 मॉडल स्कूल बनाए गए हैं। विद्यार्थी साथी ऐप के जरिए करीब साढ़े तीन लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं और रिपोर्ट बताती है कि रात एक बजे भी 1.40 से 1.80 लाख छात्र ऑनलाइन पढ़ते हैं। इससे पहले सीएम ने दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय दलन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने स्कूल में बनी स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब, आईसीटी, बायोलॉजी और केमिस्ट्री लैब का निरीक्षण किया और बच्चों से बात कर मन लगाकर पढ़ने को कहा। सीएम ने स्कूल की लाइब्रेरी में कंप्यूटर लगाकर उसे डिजिटल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने रामघाट स्थित यज्ञशाला और मां सरयू कैफे (दीदी की रसोई) का भी जायजा लिया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और विधायक रणधीर कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : 23.75 लाख नए परिवारों को मिला राशन कार्ड, सीएम सम्राट बोले- कोई गरीब नहीं रहेगा भूखा


